श्मशान घाट में PM मोदी की तस्वीर पर नींबू-नारियल-सिंदूर रखकर टोना-टोटका! पुलिस ने 4 को दबोचा

Amanat Ansari 25 Oct 2026 10:44 AM 1 Mins
श्मशान घाट में PM मोदी की तस्वीर पर नींबू-नारियल-सिंदूर रखकर टोना-टोटका! पुलिस ने 4 को दबोचा

मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम श्मशान घाट (सरयू नदी किनारे) के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ जादू-टोना की सामग्री मिलने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. तस्वीर के चारों ओर कलावा बंधे नारियल, सुई से छिदे नींबू, सिंदूर और लाल धागे जैसे सामान रखे दिख रहे थे, जिन्हें तंत्र-मंत्र या टोना-टोटका से जोड़ा जा रहा है.

शुक्रवार को ये फोटो-वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने आपत्ति जताते हुए अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई. दोहरीघाट थाने में अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. शनिवार को पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में ले लिया और उनसे कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है.

क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल की मदद और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच चल रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों की पहचान पूरी कर ली जाएगी.

पुलिस अधीक्षक ने भी आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं, क्योंकि मामला प्रधानमंत्री से जुड़ा है. पुलिस-प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ आगे बढ़ रहा है.

Recent News