चाचा के घर से चुराया 15 तोला सोना, खरीदी महिंद्रा थार! फिर उसी चाचा को बुलाया गाड़ी की पूजा में, पोल खुलते ही पुलिस ने दबोचा

Amanat Ansari 24 Oct 2026 11:32 PM 1 Mins
चाचा के घर से चुराया 15 तोला सोना, खरीदी महिंद्रा थार! फिर उसी चाचा को बुलाया गाड़ी की पूजा में, पोल खुलते ही पुलिस ने दबोचा

कोल्हापुर: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. 19 वर्षीय भतीजे ने अपने चचेरे चाचा के घर से 15 तोला सोने के गहने चुरा लिए, उन्हें बेचकर नई महिंद्रा थार कार खरीद ली और फिर विडंबना देखिए कि उसी गाड़ी की पूजा के लिए पीड़ित चाचा को ही न्योता दे दिया. घटना पन्हाला तहसील के सातवे गांव की है. आरोपी समर पोपट चव्हाण (19) के पड़ोस में ही उसके चचेरे चाचा उमेश मारुती चव्हाण का घर है.

करीब एक महीने पहले समर ने मौका पाकर चाचा के घर से करीब 15 तोला सोने के जेवरात चुरा लिए. गांव के सुनार संग्राम बाबासो मोरे की मदद से उसने ये गहने करीब 10 लाख रुपये में बेच दिए. गहने बेचकर मिले पैसों से समर ने नई महिंद्रा थार खरीद ली. गाड़ी घर लाने के बाद उसने चाचा उमेश को पूजा में शामिल होने का निमंत्रण दे दिया. पूजा की तैयारी करते समय जब उमेश ने अलमारी से अपने गहने निकाले तो वे गायब थे.

दादी के गहने सुरक्षित थे, लेकिन उमेश और उनकी पत्नी के जेवर ही गायब थे. इससे परिवार को शक हो गया कि चोरी घर के किसी करीबी ने की है. उमेश ने कोडोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जांच में समर के अचानक महंगी गाड़ी खरीदने पर संदेह जताया.

पूछताछ में समर ने जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी समर चव्हाण और सुनार संग्राम मोरे दोनों को गिरफ्तार कर लिया. चोरी के गहने और थार गाड़ी भी जब्त कर ली गई. इस अजीबोगरीब घटना की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है. पुलिस टीम ने प्रशिक्षार्थी DySP श्रीकांत ठिकणे के मार्गदर्शन में कार्रवाई पूरी की.

Recent News