PET परीक्षा को लेकर सीएम योगी सख्त! अतिरिक्त ट्रेन-बसें चलेंगी, परीक्षा सामग्री को पुलिस एस्कॉर्ट

Amanat Ansari 24 Oct 2026 11:57 PM 1 Mins
PET परीक्षा को लेकर सीएम योगी सख्त! अतिरिक्त ट्रेन-बसें चलेंगी, परीक्षा सामग्री को पुलिस एस्कॉर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 25, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों तक सामग्री पहुंचाने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था की जाए. अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसें और ट्रेनें चलाई जाएं.

PET-2026 में 35.41 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे. प्रदेश के 60 जिलों में 1372 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. प्रत्येक पाली में करीब 5.90 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. आगरा, अलीगढ़, झांसी, गोरखपुर, गाजियाबाद, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद और प्रयागराज समेत नौ जिलों में हर पाली में 15 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे. आयोग मुख्यालय में कमांड कंट्रोल रूम स्थापित कर सभी केंद्रों की लाइव निगरानी की जा रही है.

यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

सीएम योगी ने रेलवे और परिवहन विभाग से समन्वय बनाकर अभ्यर्थियों की यात्रा सुगम बनाने के निर्देश दिए. शहरों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखें, ट्रैफिक जाम न होने दें. बस, टेंपो और रोडवेज स्टैंड पर हेल्प डेस्क लगाएं. टैक्सी, बस और टेंपो यूनियनों से निर्धारित किराया ही लेने की अपील करें. रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और परीक्षा केंद्रों पर हेल्पलाइन व हेल्प डेस्क स्थापित करें.

महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और होटल-रैनबसेरों की जांच कराई जाए. खान-पान की वस्तुएं निर्धारित दरों पर ही उपलब्ध हों. परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा चाक-चौबंद की जाए. नकल के मामलों में तत्काल कार्रवाई हो. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जाए.

परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विश्राम गृह और साफ-सफाई सुनिश्चित करें. निर्बाध बिजली आपूर्ति रहे. स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त स्टाफ और जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध कराएं. सभी कर्मचारियों के पहचान पत्र जारी करें. परीक्षा की तिथियों पर अन्य शैक्षणिक-गैर शैक्षणिक कार्यक्रम न हों. जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर निगरानी रखें. मुख्यमंत्री ने परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्ष और शुचितापूर्ण संपन्न कराने पर जोर दिया.

Recent News