सपा सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत अचानक बिगड़ी, लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती

Amanat Ansari 24 Oct 2026 11:43 AM 1 Mins
सपा सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत अचानक बिगड़ी, लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती

लखनऊ: गाजीपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई. पेट दर्द और उल्टियों की शिकायत के बाद परिजनों ने उन्हें एंबुलेंस से लखनऊ पहुंचाया, जहां देर रात करीब 12 बजे मेदांता अस्पताल के गैस्ट्रो मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया. अफजाल अंसारी को शुक्रवार को गाजीपुर में पेट दर्द और उल्टियां हुई थीं.

शरीर में पानी की कमी और घबराहट बढ़ने पर परिवार ने तुरंत एंबुलेंस का इंतजाम किया. लखनऊ पहुंचने के बाद उन्हें गैस्ट्रो मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया. अल्ट्रासाउंड और खून की जांच कराई गई है. इलाज विशेषज्ञों की टीम के अधीन चल रहा है. मेदांता लखनऊ के मेडिकल डायरेक्टर डॉक्टर राजेश कपूर ने बताया कि अफजाल अंसारी को रात में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की टीम उनकी जांच और उपचार में जुटी हुई है.

जांच रिपोर्ट आने के बाद मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा. अफजाल अंसारी के भतीजे और मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “बड़े अब्बा जनाब अफजाल अंसारी साहब (सांसद गाजीपुर) की तबीयत अचानक खराब हो गई है, लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में एडमिट हैं. आप सभी से दुआओं, प्रार्थनाओं की गुजारिश है.”

अफजाल अंसारी बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के बड़े भाई हैं. वर्तमान में वे गाजीपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं. इससे पहले वे पांच बार मोहम्मदाबाद सीट से विधायक और तीन बार गाजीपुर से सांसद रह चुके हैं. उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है.

Recent News