कच्चा बादाम गर्ल अंजलि अरोड़ा को 1.20 करोड़ का नोटिस; कानपुर में स्टेज छोड़कर चली गईं थीं

Amanat Ansari 23 Oct 2026 08:40 PM 1 Mins
कच्चा बादाम गर्ल अंजलि अरोड़ा को 1.20 करोड़ का नोटिस; कानपुर में स्टेज छोड़कर चली गईं थीं

कानपुर: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और ‘कच्चा बादाम’ फेम अंजलि अरोड़ा को कानपुर के नगाड़ा नाइट डांडिया कार्यक्रम के आयोजक ने 1.20 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा है. आरोप है कि तीन लाख रुपये में तय शो में उन्होंने करीब 12 मिनट की प्रस्तुति देने के बाद मंच छोड़ दिया, जिससे आयोजन प्रभावित हुआ और नुकसान हुआ.

15 अक्टूबर को लाजपत भवन में आयोजित इस कार्यक्रम के लिए अंजलि के साथ तीन लाख रुपये में समझौता हुआ था. आयोजक आशीष कुमार का दावा है कि इसमें से 2.75 लाख रुपये उनके खाते में ट्रांसफर किए जा चुके थे. कार्यक्रम शाम करीब 7:30 बजे शुरू हुआ, जबकि अंजलि रात लगभग 9:52 बजे मंच पर पहुंचीं.

क्या हुआ था मंच पर?

मंच पर पहुंचकर अंजलि ने कानपुर के लोगों का अभिवादन किया और ‘नगाड़ा संग ढोल बाजे’ गाने पर प्रस्तुति दी. इसी दौरान उन्होंने भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए. जब डीजे पर उनका चर्चित गाना ‘कच्चा बादाम’ बजाया गया तो वह नाराज हो गईं. उन्होंने प्रस्तुति रोककर आयोजकों को मंच पर बुलाने की मांग की और माइक पर कहा कि कलाकारों का सम्मान करना नहीं आता.

अंजलि ने दर्शकों से माफी मांगते हुए कहा कि लोग घंटों से गर्मी में इंतजार कर रहे हैं, इसलिए व्यवस्थाएं बेहतर होनी चाहिए थीं. इसके बाद उन्होंने मोमेंटो लेने से भी इनकार कर दिया और मंच छोड़कर चली गईं. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. आयोजक की ओर से अधिवक्ता करीम अहमद सिद्दीकी ने नोटिस भेजते हुए नुकसान और मानहानि का जिक्र किया है. अंजलि अरोड़ा का पक्ष अभी सामने आना बाकी है.

Recent News