मुंबई: टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी लेने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित का एक नया ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने खुद यह ऑडियो शेयर किया है. इसमें अनिल पंडित बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को सीधी धमकी देते सुनाई दे रहे हैं.
ऑडियो में अनिल पंडित कहा कि सलमान खान मेरी बात ध्यान से सुनो. अगर तुमने मेरे बड़े भाई लॉरेंस बिश्नोई या बिश्नोई समाज से माफी नहीं मांगी, तो हम तुम्हारे घर में एक कुत्ता भी नहीं छोड़ेंगे. हम तुम्हारे पूरे परिवार को खत्म कर देंगे. यह बात दिमाग में बिठा लो. यह मत सोचना कि तुम सुरक्षा में हो तो तुम्हारा कुछ नहीं होगा.
टाइगर हमले के बाद आया ऑडियो
यह ऑडियो रविवार शाम जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के बाद सामने आया है. तीन मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने पुष्पा नरसी पार्क के पास टाइगर की BMW पर अंधाधुंध फायरिंग की थी. टाइगर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक राहगीर घायल हुए.
हमले के बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें हमले की जिम्मेदारी ली गई थी. पोस्ट में चेतावनी दी गई थी कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा.
तीनों आरोपी गिरफ्तार
मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने तीनों संदिग्ध शूटर्स को कोटा (राजस्थान) से गिरफ्तार कर लिया है. वे पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार थे. गिरफ्तार आरोपियों में सोनीपत के फूल सिंह और रेहान (नाबालिग) तथा बिहार के बेगूसराय के ऋतिक कुमार उर्फ रोशन शामिल हैं. तीनों करीब 20 दिन से मुंबई में रह रहे थे. लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से बार-बार आ रही धमकियों के बीच बॉलीवुड में दहशत का माहौल बना हुआ है. पुलिस जांच जारी है.