सीवान: बिहार के सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में शुक्रवार शाम पटाखा बनाने के दौरान भीषण विस्फोट हो गया. इस हादसे में करीब 7 लोगों की मौत हो गई. विस्फोट इतना भयंकर था कि घर का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया और अंदर मौजूद लोगों के शवों के टुकड़े उड़कर बाहर गिर गए.
ग्रामीणों के अनुसार, मृतकों में पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन, उनकी तीन पोतियां, एक पोता और दो मजदूर शामिल हैं. सीवान के डीएम विजय प्रकाश मीणा ने बताया कि अभी तक दो-तीन शव ही बरामद हो सके हैं. अन्य मलबे में दबे होने की आशंका है. बचाव दल घर में प्रवेश कर रहा है. पूरी छानबीन के बाद सही संख्या का पता चल पाएगा.
क्या हुआ था?
शुक्रवार शाम करीब साढ़े 5 बजे रोजाना की तरह घर के अंदर पटाखे बनाए जा रहे थे. अचानक आग लग गई और लगातार धमाके होने लगे. मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. तीन लोगों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर घर के बाहर जा गिरे. घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था. अमीरुद्दीन की बहू आग लगने की सूचना मिलते ही घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली.
हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. तेज धमाकों की आवाज से लोग इधर-उधर भागने लगे. घर के भीतर रखे पटाखों में रह-रहकर विस्फोट होने से राहत-बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है. पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है.