पटना: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर शुक्रवार को हो रहे मतदान के दौरान पटना स्नातक सीट पर मोकामा में बवाल हो गया. प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र के पास जदयू विधायक अनंत सिंह और जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के समर्थकों के बीच भिड़ंत हो गई.
दोनों पक्ष एक-दूसरे पर वोट देने से रोकने का आरोप लगाने लगे. कहासुनी जल्द ही तनावपूर्ण हो गई और समर्थक जुटने लगे. सूचना मिलते ही एसडीपीओ राम कृष्ण दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने खुद मोर्चा संभाला और बूथ के पास हंगामा कर रही भीड़ को तितर-बितर कर दिया. पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें अनंत सिंह के समर्थक विपिन सिंह भी शामिल हैं.
पटना स्नातक सीट पर जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार एनडीए के उम्मीदवार हैं. उन्हीं की पार्टी के विधायक अनंत सिंह उनके खिलाफ काम कर रहे हैं और जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को समर्थन दे रहे हैं. राजद ने दिलीप सिंह को मौका दिया है, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है.
नीरज कुमार ने वोट डालने के बाद अपनी जीत का दावा किया और कहा कि विरोध के बावजूद वे मैदान में डटे हैं. अनंत सिंह ने कहा कि अनुज सिंह ही जीतेंगे. पटना स्नातक सीट हॉट सीट बन गई है और इसके परिणाम पर सबकी नजरें टिकी हैं.