नई दिल्ली. भारत-चीन सीमा पर तनाव फिर चर्चा में आ गया है. इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने गुरुवार को एक अहम बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के कई स्थानों पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच टकराव की स्थिति आज भी बनी हुई है.
ITBP कर्मियों के लिए आयोजित वार्षिक हिमवीर सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए डीजी कपूर ने बताया, ''पिछले कुछ दिनों में अरुणाचल में कई जगहों पर भारत और चीन के सैनिकों का आमना-सामना हुआ है और यह सिलसिला अभी भी जारी है.'' उन्होंने अपने जवानों, खासकर हाल में गठित शौर्य कमांडो की तारीफ की और कहा कि इन कमांडो ने टकराव की स्थिति में बेहतरीन भूमिका निभाई है.
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ITBP मूल रूप से माउंटेन गुरिल्ला फोर्स के रूप में बनी थी और 2004 से चीन सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही है. ऊंचाई वाले इलाकों में तैनाती उनकी ताकत है. जल्द ही ‘शौर्य कमांडो’ की पूरी बटालियन तैयार हो जाएगी.
कांग्रेस भड़की, जयराम रमेश का हमला
ITBP डीजी के इस बयान पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेर लिया. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, ''एक तरफ जहां खुद को विश्वगुरु कहने वाले नेता चीन को लगातार रियायतें दे रहे हैं, वहीं ITBP के महानिदेशक ने अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों के साथ टकरावों में अपने जवानों के प्रदर्शन की तारीफ की है. यह तारीफ जायज भी है. लेकिन इस पूरे मामले पर प्रधानमंत्री और उनके प्रशासन की ओर से पूरी तरह खामोशी छाई हुई है.''
जयराम रमेश ने आगे लिखा कि पिछले महीने तक्सिंग में हुए टकराव के बाद अरुणाचल के वाचा और दमाई में कोर कमांडर स्तर की बातचीत हुई थी. स्थानीय लोगों के मुताबिक लद्दाख की तरह यहां भी कुछ पेट्रोलिंग पॉइंट हाथ से निकल गए हैं. चीन अरुणाचल में कस्बों के नाम बदल रहा है और बड़ा बांध बना रहा है, जो भारत की पारिस्थितिक और जल सुरक्षा के लिए खतरा है.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 19 जून 2020 के बयान का भी जिक्र किया, जिसमें गलवान घटना के बाद कहा गया था कि न तो कोई सीमा में घुसा है और न ही कोई पोस्ट कब्जे में है. यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह अरुणाचल में चल रहे टकराव की पहली आधिकारिक पुष्टि माना जा रहा है. सीमा पर स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और दोनों पक्ष सैन्य-स्तरीय बातचीत जारी रखे हुए हैं.