ग्वालियर: नीट की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा के साथ उसके इंस्टाग्राम फ्रेंड ने ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया. आरोपी ने होटल में अश्लील वीडियो बनाकर रिश्तेदारों को भेजे, जिसके बाद मामला सामने आया.
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की 12वीं की छात्रा ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर आरुष मिश्रा नाम के युवक से उसकी दोस्ती हुई. 11 फरवरी 2026 को कोचिंग जाते समय आरोपी उसे ग्वालियर किले ले गया, फिर दीप होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिए.
इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार शोषण किया. सात दिन पहले भी उसने छात्रा को होटल बुलाकर दुष्कर्म किया. हाल में उसने छात्रा के मामा और चाचा के अकाउंट पर वीडियो भेज दिए, जिससे मामला उजागर हुआ.
पीड़िता ने बदनामी के डर से कोचिंग जाना बंद कर दिया है. परिजनों की शिकायत पर गोला का मंदिर थाना पुलिस ने आरोपी आरुष मिश्रा के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है. आरोपी की तलाश जारी है.