'बैलेट पेपर से हुए 28 MLC चुनाव, कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?'… नतीजों के बाद PM मोदी का करारा तंज

Amanat Ansari 28 Oct 2026 05:45 PM 1 Mins
'बैलेट पेपर से हुए 28 MLC चुनाव, कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?'… नतीजों के बाद PM मोदी का करारा तंज

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार राज्यों में हुए विधान परिषद (MLC) चुनावों के नतीजों पर कांग्रेस को घेर लिया है, क्योंकि कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकी. पीएम मोदी ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ''यूपी, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक जैसे चार बड़े राज्यों में 28 सीटों पर MLC चुनाव हुए. चुनाव बैलेट पेपर से हुए. अंदाजा लगाइए, कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?''

इन चुनावों में उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की 8, महाराष्ट्र की 5 और कर्नाटक की 4 विधान परिषद सीटें शामिल थीं. मतदान 23 अक्टूबर को हुआ था और मतगणना 27 अक्टूबर से शुरू हुई. ये मुख्य रूप से शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव थे, जहां आम जनता नहीं बल्कि संबंधित क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाता ही वोट डालते हैं.

कर्नाटक: बीजेपी और जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन ने चारों सीटें जीत लीं. बीजेपी ने अपनी तीन सीटें बरकरार रखीं, जबकि जेडीएस ने बेंगलुरु शिक्षक सीट कांग्रेस से छीन ली. राज्य में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद यह हार चर्चा में है.

उत्तर प्रदेश: यहां मुख्य मुकाबला बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच रहा. अब तक बीजेपी ने चार और सपा ने दो सीटें जीती हैं. बाकी सीटों पर मतगणना जारी है.

राजनीतिक तंज

पीएम मोदी की यह पोस्ट ऐसे समय आई है जब विपक्ष लंबे समय से चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम पर सवाल उठाता रहा है. बैलेट पेपर से हुए चुनावों में कांग्रेस का शून्य पर सिमटना राजनीतिक तंज के रूप में देखा जा रहा है. इससे बैलेट पेपर बनाम ईवीएम की बहस एक बार फिर गरमा गई है.

हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि शिक्षक और स्नातक सीटों के नतीजों को पूरे राज्य की जनता की पसंद का सीधा संकेत नहीं माना जा सकता, क्योंकि इनका वोटर बेस सीमित होता है और स्थानीय समीकरण भी असर डालते हैं.

Recent News