बुलंदशहर: बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पार्टी की रैली की शुरुआत करते हुए सपा, कांग्रेस और भाजपा तीनों पर जमकर निशाना साधा. बुलंदशहर के अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र के गांव खलोर स्थित स्टेडियम में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने अखिलेश यादव को रंग बदलने में माहिर और राहुल गांधी को कंफ्यूज नेता बताया.
आकाश आनंद ने कहा, ''अखिलेश यादव पीडीए की परिभाषा और रंग बदलने में माहिर हैं. राहुल गांधी कंफ्यूज नेता हैं और कांग्रेस दोगली पार्टी है.'' उन्होंने आरक्षण के मुद्दे पर भी दोनों पार्टियों को घेरा. बोले, ''आरक्षण बचाने के लिए कांग्रेसी और सपाई जंतर-मंतर पर नहीं पहुंचे थे.''
भाजपा पर भी करारा वार
आकाश आनंद ने भाजपा सरकार पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि भाजपा विज्ञापन पर सात हजार करोड़ खर्च कर विकसित और शिक्षित उत्तर प्रदेश का दावा करती है, जबकि उनकी सरकार में हजारों सरकारी स्कूल बंद हो गए हैं. महंगाई का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा, ''2014 में गैस सिलेंडर 400 रुपये में मिलता था, अब 1200 रुपये तक पहुंच गया है. पेट्रोल तब 60 रुपये लीटर था, अब 100 के पार हो गया है. भाजपा को नया नारा देना चाहिए—जय जनता पर महंगाई की मार, जिम्मेदार बीजेपी सरकार.''
उन्होंने कहा कि महंगाई का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है. घर चलाना मुश्किल हो गया है. 2024 में कांग्रेस और सहयोगी दलों ने संविधान की किताब लेकर वोट मांगे और आरक्षण की रक्षा का वादा किया था, लेकिन आंदोलनों के बाद भी दोनों दल जनता को अपने काम गिनाने में नाकाम रहे.
मायावती को भरोसा दिलाया
रैली में आकाश आनंद ने बसपा सुप्रीमो मायावती को भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा, ''समाज के लिए लगातार मेहनत और तपस्या करता रहूंगा. मेरा लक्ष्य बहुजन समाज को देश का शासक बनते देखना है. जब तक यह लक्ष्य पूरा नहीं होता, तब तक चैन से नहीं बैठूंगा. मायावती जी ने मेरी परीक्षा में पास करके एक बार फिर लोगों के बीच भेजा है.'' बसपा विधानसभा चुनाव को लेकर अब जमीन पर पूरी तरह सक्रिय हो गई है. पश्चिमी यूपी से शुरू हुई इन रैलियों से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की जा रही है.