आगरा: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का नतीजा बुधवार को सामने आ गया. इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह (गुरु जी) ने जीत दर्ज की है. उन्होंने समाजवादी पार्टी के शशांक यादव को करीब 15 हजार वोटों के अंतर से हराया.
डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह को कुल 42,743 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी शशांक यादव को 27,734 वोट हासिल हुए. 5,852 वोट अस्वीकृत घोषित किए गए. इस जीत के साथ भाजपा ने आगरा खंड की स्नातक सीट पर कब्जा जमा लिया.
शिक्षक सीट पर सपा को मिली जीत
वहीं आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र पर सपा ने बाजी मारी. सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने भाजपा के हरिकिशोर तिवारी को 4,268 वोटों से पराजित किया. आकाश अग्रवाल को कुल 29,865 मतों में से 14,046 और हरिकिशोर तिवारी को 9,783 मत मिले. अस्वीकृत मतों की संख्या 2,128 रही. मंडलायुक्त/आरओ नागेंद्र प्रताप ने सपा प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा.
मतगणना के दौरान कुछ विवाद भी हुए. सपा और भाजपा प्रत्याशियों ने एक-दूसरे पर मारपीट और कपड़े फाड़ने के आरोप लगाए थे. शिक्षक सीट पर प्रथम वरीयता के 50 प्रतिशत मत न मिलने के कारण द्वितीय वरीयता की गणना करानी पड़ी.
यूपी MLC चुनाव में अब तक का हाल
विधान परिषद की 11 शिक्षक और स्नातक सीटों की मतगणना में अब तक आठ सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं. इनमें भाजपा ने पांच और सपा ने तीन सीटें जीती हैं.
वाराणसी स्नातक और लखनऊ स्नातक सीटों पर सपा आगे चल रही है. मतदान 23 अक्टूबर को हुआ था और मतगणना मंगलवार सुबह से चल रही है.