एशियन गेम्स फाइनल: भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराया, लगातार दूसरा गोल्ड! जय शाह मौजूद, मेडल पहनाए निशिन मेयर ने

Amanat Ansari 03 Oct 2026 04:42 PM 1 Mins
एशियन गेम्स फाइनल: भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराया, लगातार दूसरा गोल्ड! जय शाह मौजूद, मेडल पहनाए निशिन मेयर ने

निशिन (जापान): एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 19 रनों से हरा दिया. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. मुकाबला शनिवार को निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला गया.

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए. अभिषेक शर्मा ने 61 रन की शानदार पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा 51 रन बनाकर नाबाद रहे. पाकिस्तान की ओर से अर्फात मिन्हास और अबरार दानियाल ने 2-2 विकेट लिए. 212 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने अच्छी कोशिश की, लेकिन 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सका. हसन नवाज ने 50 गेंदों पर 96 रन की तूफानी पारी खेली.

उन्होंने 7 छक्के और 5 चौके लगाए, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी. भारत के लिए अक्षर पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट लिए. फाइनल के बाद मेडल सेरेमनी में आईसीसी चेयरमैन जय शाह भी मौजूद रहे. हालांकि, गोल्ड और सिल्वर मेडल उन्होंने नहीं पहनाए. निशिन सिटी के मेयर हिरोकी कोंडो ने खिलाड़ियों को मेडल दिए, जबकि सलमान नसीर (पीएसएल सीईओ) ने मस्कट प्रदान किए.

श्रीलंका को ब्रॉन्ज मेडल मिला. एसीसी चीफ और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं के कारण फाइनल डे पर मौजूद नहीं थे. भारत की महिला क्रिकेट टीम ने भी एशियन गेम्स में अपना गोल्ड मेडल बरकरार रखा था. अब पुरुष टीम ने भी पाकिस्तान को फाइनल में हराकर बैक-टू-बैक गोल्ड का दोहरा सम्मान हासिल कर लिया है. टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर पूरे देश में जश्न का माहौल है.

Recent News