लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी के सामने पूर्वांचल की राजनीतिक चुनौती लगातार चर्चा में है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सामने सत्ता में वापसी के साथ ही मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन, संगठन की मजबूती और जनता के बीच सरकार की स्वीकार्यता बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी है. पूर्वांचल की राजनीति भाजपा के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां का चुनावी समीकरण पूरे प्रदेश की सत्ता का रास्ता तय करने में अहम भूमिका निभाता है. हालांकि, बीजेपी का पूर्वांचल में एजेंडा चल नहीं पा रहा है. यहीं वजह है कि मोर्चा संभालने अमित शाह खुद आ रहे हैं.
पूर्वांचल बना भाजपा की चिंता का केंद्र
2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों ने भाजपा को अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर किया. उत्तर प्रदेश में 2019 में 62 सीटें जीतने वाली भाजपा 2024 में घटकर 33 सीटों पर पहुंच गई, जबकि समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीतकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया. पूर्वांचल में भी भाजपा को कई क्षेत्रों में नुकसान उठाना पड़ा. 2022 के विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल की 102 सीटों में भाजपा ने 53 सीटें जीती थीं, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में इसी क्षेत्र के कई विधानसभा क्षेत्रों में सपा ने बढ़त बनाई.
स्थानीय नेताओं से नाराजगी
भाजपा की चिंता का सबसे बड़ा कारण स्थानीय स्तर पर पैदा हो रही नाराजगी, कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता और जातीय समीकरणों में बदलाव है. खासकर गैर यादव ओबीसी और दलित मतदाताओं के एक हिस्से का सपा की ओर झुकाव पार्टी के लिए चुनौती बनकर उभरा है. सपा का पीडीए फॉर्मूला भी भाजपा के सामने बड़ी राजनीतिक चुनौती है.
टिकट कटने की चर्चा तेज
इसी बीच भाजपा के अंदर मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की चर्चा भी तेज है। सूत्रों की माने तो आंतरिक सर्वे में 125 से 128 विधायकों के खिलाफ नाराजगी की बात सामने आई थी. वहीं, एक अक्टूबर की रिपोर्ट में 100 से अधिक विधायकों के टिकट बदलने की संभावना जताई गई. हालांकि, पार्टी ने उम्मीदवारों के टिकट काटने और बदलने को लेकर कोई अंतिम सूची सार्वजनिक नहीं की है. यहीं वजह है कि टिकट कटने की आशंका पर भगदड़ भी तेज होने की संभावना अधिक है.
भाजपा और संघ टटोल रही नब्ज
भाजपा और संघ अलग-अलग स्तर पर विधायकों की लोकप्रियता, जातीय समीकरण और संगठन की स्थिति का आकलन कर रहे हैं. इन्हीं वजहों के बीच अमित शाह का उत्तर प्रदेश दौरा भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. शाह नवंबर के अंतिम सप्ताह से प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठकें कर सकते हैं. पार्टी नेतृत्व संगठनात्मक असंतोष दूर करने और चुनावी तैयारियों को मजबूत करने में जुटा है.