अखिलेश पर ओवैसी का सबसे बड़ा हमला, बोले- हमारी डोर अल्लाह के हाथ में, आपकी बीजेपी के हाथ में

Global Bharat 16 Nov 2026 11:51 AM 1 Mins
अखिलेश पर ओवैसी का सबसे बड़ा हमला, बोले- हमारी डोर अल्लाह के हाथ में, आपकी बीजेपी के हाथ में

मेरठ : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों के बीच सियासी घमासान तेज होता जा रहा है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच जुबानी जंग अब खुलकर सामने आ गई है. मेरठ में आयोजित जनसभा में ओवैसी ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक डोर अल्लाह के हाथ में है, जबकि अखिलेश यादव की डोर भाजपा के हाथ में है.

दरअसल, अखिलेश यादव ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के राजनीतिक गठबंधन पर तंज कसते हुए पतंग की डोर का उदाहरण दिया था. उन्होंने कहा था कि जितनी डोर मिलेगी, पतंग उतनी ही उड़ पाएगी और जब डोर खींची जाएगी तो वापस आ जाएगी. इसी बयान पर ओवैसी ने मेरठ की रैली में जवाब दिया. ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव बहुत बड़ी गलतफहमी में हैं. मुसलमानों की किस्मत और उनकी राजनीतिक डोर अल्लाह के हाथ में है. उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव को दूसरों पर सवाल उठाने के बजाय अपनी राजनीति पर ध्यान देना चाहिए.

ओवैसी ने अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर भी तंज कसा. उन्होंने PDA का नया मतलब बताते हुए कहा कि इसका अर्थ पलट दिया अखिलेश है. उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की बात तो करती है, लेकिन उसके राजनीतिक फैसलों पर सवाल उठते रहे हैं. ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने भाजपा से कथित नजदीकी रखने वाले लोगों को संसद भेजने पर सपा नेतृत्व को घेरा.

वहीं, चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन का बचाव करते हुए ओवैसी ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को मजबूत करने की अपील की. उन्होंने 2027 में भाजपा को चुनौती देने के लिए इस गठबंधन को विकल्प बताया. अब देखना दिलचस्प होगा कि ओवैसी के इस हमले का अखिलेश यादव क्या जवाब देते हैं और इसका असर यूपी के मुस्लिम-दलित राजनीतिक समीकरण पर कितना पड़ता है.

Owaisi vs Akhilesh Yadav Asaduddin Owaisi Akhilesh Yadav News PDA Formula UP Election 2027

Description of the author

Recent News