जय शाह का ICC में फिर चला जलवा! निर्विरोध दूसरी बार बने चेयरमैन, दुनिया के क्रिकेट पर रहेगा दबदबा

Global Bharat 16 Nov 2026 12:22 PM 1 Mins
जय शाह का ICC में फिर चला जलवा! निर्विरोध दूसरी बार बने चेयरमैन, दुनिया के क्रिकेट पर रहेगा दबदबा

क्रिकेट : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की दुनिया में एक बार फिर जय शाह का जलवा देखने को मिला है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन्हें लगातार दूसरी बार चेयरमैन नियुक्त कर दिया है. खास बात यह है कि जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चुना गया. बाली में आयोजित ICC बोर्ड और समिति की बैठकों में निदेशकों के प्रस्ताव के बाद उनकी दोबारा पर मुहर लगी. इस फैसले को ICC में उनके नेतृत्व और प्रभाव पर बोर्ड के मजबूत भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है.

जय शाह के दूसरे कार्यकाल के साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी तेज होगी. ICC के एजेंडे में क्रिकेट का वैश्विक विस्तार, दर्शकों की संख्या बढ़ाना और खेल के व्यावसायिक विकास को नई गति देना प्रमुख रूप से शामिल है. बोर्ड का मानना है कि नेतृत्व में निरंतरता से इन महत्वाकांक्षी योजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.

दूसरी बार चेयरमैन बनने पर जय शाह ने ICC बोर्ड और सभी निदेशकों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि क्रिकेट के लिए आने वाला समय बेहद महत्वपूर्ण और रोमांचक है. वर्ष 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी खेल को दुनिया के नए दर्शकों तक पहुंचाने का ऐतिहासिक अवसर होगी, इससे नई पीढ़ी के खिलाड़ियों और प्रशंसकों को क्रिकेट से जोड़ने का रास्ता खुलेगा.

जय शाह ने स्पष्ट किया कि ICC का लक्ष्य केवल बड़े टूर्नामेंटों का सफल आयोजन करना नहीं है, बल्कि क्रिकेट को मजबूत और टिकाऊ भविष्य देना भी है. इसके लिए खिलाड़ियों, प्रशंसकों, व्यावसायिक साझेदारों और सदस्य देशों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी.

उन्होंने कहा कि क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत लोगों को जोड़ने की क्षमता है. बोर्ड और सदस्य देशों के सहयोग से योजनाओं को जमीन पर उतारना और आने वाली पीढ़ियों के लिए खेल की मजबूत विरासत तैयार करना उनकी प्राथमिकता रहेगी.

Jay Shah ICC Chairman Jay Shah Reappointed ICC News 2026 LA28 Olympics Cricket

Description of the author

Recent News