मौत का इंतजार नहीं! 80 साल के बलजोर सिंह ने जीते-जी करा दी अपनी तेरहवीं, 900 लोगों ने किया भोज

Global Bharat 16 Nov 2026 02:02 PM 1 Mins
मौत का इंतजार नहीं! 80 साल के बलजोर सिंह ने जीते-जी करा दी अपनी तेरहवीं, 900 लोगों ने किया भोज

बागपत : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सामाजिक परंपराओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है, यहां 80 वर्षीय चौधरी बलजोर सिंह ने अपनी मौत के बाद होने वाली तेरहवीं का इंतजार नहीं किया, बल्कि जीते-जी ही पूरे विधि-विधान से अपनी तेरहवीं का आयोजन कर दिया. रविवार को हुए इस अनोखे कार्यक्रम में करीब 900 लोगों ने भोज किया. खास बात यह रही कि जिस व्यक्ति की तेरहवीं थी, वह खुद मेहमानों का स्वागत कर रहा था.

यह पूरा मामला बागपत के जौहड़ी गांव का है. बलजोर सिंह पुत्र कनक सिंह की पत्नी का वर्षों पहले निधन हो चुका है. परिवार में उनकी इकलौती बेटी पिंकी है, जिसकी शादी हो चुकी है. बेटी के परिवार में तीन नातिन और एक नाती मुकुल हैं. बलजोर सिंह नहीं चाहते थे कि उनके निधन के बाद तेरहवीं और मृत्यु भोज की जिम्मेदारी उनकी बेटी पर आए. इसी सोच के चलते उन्होंने अपनी जिंदगी में ही यह आयोजन करने का फैसला लिया.

कार्यक्रम के लिए घर में दो दिन पहले से तैयारियां शुरू हो गई थीं. आठ हलवाइयों को भोजन बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी. रविवार सुबह हवन हुआ, इसके बाद पूड़ी, रायता, सब्जियां और लड्डू समेत कई तरह के पकवानों का भोज कराया गया, इसमें रिश्तेदारों, ग्रामीणों और समाज के करीब 900 लोग शामिल हुए.

इस आयोजन की सबसे खास रस्म पगड़ी की रही. बलजोर सिंह ने अपनी पगड़ी नाती मुकुल के सिर पर रखकर परिवार की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपने का संदेश दिया. उन्होंने नाती को अपना उत्तराधिकारी घोषित करते हुए दो बीघा जमीन और मकान में हिस्सा देने की बात भी सामने आई है. कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कृष्णपाल मलिक (केपी मलिक) समेत कई गणमान्य लोग पहुंचे. बलजोर सिंह की इस पहल की आसपास के गांवों में भी खूब चर्चा हो रही है.

Baljor Singh Terahvi Baghpat News Own Terahvi Ceremony 900 Guests Feast Uttar Pradesh News

Description of the author

Recent News