किश्तवार में आतंक का काला चेहरा... गश्त पर गए दो स्पेशल पुलिस अफसरों की मिली लाश

Amanat Ansari 12 Nov 2026 11:31 AM 1 Mins
किश्तवार में आतंक का काला चेहरा... गश्त पर गए दो स्पेशल पुलिस अफसरों की मिली लाश

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के किश्तवार जिले में बुधवार को गश्त के दौरान लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) के गोली से छलनी शव बृहस्पतिवार को डचन वन क्षेत्र से बरामद किए गए हैं. मारे गए दोनों जवानों की पहचान ऋषिपाल और बॉबी चंद के रूप में हुई है. दोनों स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के सदस्य थे.

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों जवान कियार डचन से बासनान (इंदरवान क्षेत्र, अपर रिज डेहरना) जा रहे थे, जहां वे सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की टीम को रिलीव करने वाले थे. बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे डेहरना वन क्षेत्र में गोलीबारी की आवाजें सुनाई दीं. उसी समय मारवाह इलाके में एयरटेल मोबाइल नेटवर्क भी बाधित हो गया.

गोलीबारी और दोनों जवानों के लापता होने की सूचना मिलने के बाद करीब शाम 7 बजे SOG की टीम और थाना प्रभारी मौके की ओर रवाना हुए. खोज अभियान के दौरान दोनों के शव डचन जंगल से बरामद किए गए.

पुलिस और सुरक्षा बलों ने दोनों जवानों के अपहरण और हत्या में शामिल आतंकवादियों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

Recent News