दीवाली की रात देशभर में आग की घटनाओं से 23 मौतें, मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र में 19 लोग जिंदा जले

Amanat Ansari 09 Nov 2026 01:07 PM 1 Mins
दीवाली की रात देशभर में आग की घटनाओं से 23 मौतें, मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र में 19 लोग जिंदा जले

नई दिल्ली: दीवाली के उत्सव के बीच देश के कई राज्यों में आग लगने की दर्दनाक घटनाएं सामने आईं. पटाखों की चिंगारी और शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं. इन हादसों में कुल 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए.

सबसे ज्यादा नुकसान मध्य प्रदेश में हुआ, जहां दो अलग-अलग जिलों में 13 लोगों की जान चली गई. पटाखों के लापरवाही भरे इस्तेमाल और विद्युत उपकरणों की अनदेखी से हुई इन घटनाओं ने दीवाली की खुशी को शोक में बदल दिया.

कटनी जिले में एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई. इनमें दो महीने का नवजात समेत तीन मासूम बच्चे शामिल थे. सिवनी जिले में एक सराफा कारोबारी के घर में फैली आग ने 16 वर्षीय किशोर सहित परिवार के छह लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. राज्य के मृतकों में पांच महिलाएं, तीन पुरुष और चार बच्चे शामिल हैं.

उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में दो मंजिला मकान में आग लगने से 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. मकान की ऊपरी मंजिल पर परिवार के 10 सदस्य फंस गए थे. महाराष्ट्र में भी कई जगहों पर आग की घटनाएं हुईं. धाराशिव जिले में एक किराना दुकान के ऊपर बने घर में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोग जिंदा जल गए. पुणे में रात भर में आग लगने की 63 घटनाएं दर्ज की गईं.

मुंबई के लोखंडवाला में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि डोंगरी इलाके में झुग्गियों और दुकानों को आग ने नुकसान पहुंचाया. राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत अन्य राज्यों में भी पटाखों और शॉर्ट सर्किट से कई आग की घटनाएं हुईं, जिनमें जान-माल का नुकसान हुआ. राहत और बचाव दल रात भर अलग-अलग इलाकों में लपटों पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे रहे.

Recent News