रांची: झारखंड के पलामू जिले में सोमवार रात प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई. पथराव में चार पुलिसकर्मी और कुछ ग्रामीण घायल हो गए. हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हवा में गोलियां चलानी पड़ीं. मामले में 31 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) चिरंजीवी मंडल ने बताया कि पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र के रक्साहा गांव में देवी काली की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर दो गुटों के युवक आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई. सूचना मिलने पर जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो उस पर ही पथराव कर दिया गया.
अधिकारी ने बताया कि दोनों गुटों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया. इसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिसकर्मियों को आत्मरक्षा में हवा में चार गोलियां चलानी पड़ीं. घायल पुलिसकर्मियों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इस हिंसक झड़प में कुछ ग्रामीण भी घायल हुए हैं. रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि घटना सोमवार रात को हुई. पथराव के चलते पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में हवा में गोलियां चलाईं. पूछताछ के लिए आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है. मामले में 31 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. झड़प और पथराव में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें दबिश दे रही हैं.