चंद्रशेखर की पार्टी यूपी चुनाव में किसके साथ? नगीना सांसद ने बताया इंडिया गठबंधन का स्टैंड

Amanat Ansari 10 Nov 2026 09:18 PM 2 Mins
चंद्रशेखर की पार्टी यूपी चुनाव में किसके साथ? नगीना सांसद ने बताया इंडिया गठबंधन का स्टैंड

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का रुख क्या होगा? पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मंगलवार को कहा कि वे इंडिया गठबंधन का हिस्सा बन सकते हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए वह इंडिया गठबंधन में शामिल होने को तैयार हैं. चंद्रशेखर बागपत के टीकरी कस्बे में एक कार्यकर्ता के परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे.

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मैं हर तरह की कुर्बानी देने को कल भी तैयार था और आज भी तैयार हूं कि भाजपा का रास्ता रुक जाए और विपक्ष की सरकार बन जाए. लेकिन मेरा यह विश्वास है कि जो स्थापित लोग हैं, वे किसी को जगह नहीं देंगे. उनकी गैर जिम्मेदारी और अहंकार की वजह से भाजपा को ताकत मिल रही है. इसकी मुझे बड़ी तकलीफ है.

चंद्रशेखर ने पश्चिमी यूपी के मुद्दों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति कुंतल क्यों नहीं हो रहा है? जब चीनी 60 रुपए पार हो गई तो गन्ने का दाम क्यों नहीं बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि मजदूर के लिए न्यूनतम मजदूरी 753 रुपए क्यों नहीं लागू हो रही है? पश्चिमी यूपी में हाई कोर्ट की बेंच की मांग क्यों नहीं पूरी की जा रही है. उन्होंने पूछा कि हम टैक्स नहीं देते हैं क्या? एक भी औद्योगिक धंधा वेस्ट यूपी में क्यों नहीं लगा? बागपत से लेकर सहारनपुर और बिजनौर से हापुड़ तक साढ़े नौ साल की सरकार में कौन सा उद्योग-धंधा लगा.

उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में स्कूल बंद हो जाते हैं. गरीबों के बच्चों की पढ़ाई का क्या होगा? प्राइवेट स्कूल तो खुलेंगे लेकिन सरकारी बंद हो जाएंगे. टोल जनता की जेब काट रहा है. टीकरी-बागपत में दिल्ली-देहरादून हाईवे के अनुसार मुआवजा दिलाने के लिए लोगों ने सीएम और केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखा. किसान परेशान हो रहे हैं. नियमानुसार चार गुना मुआवजा मिलना चाहिए. किसानों की जमीन ली जा रही है, रोजगार नहीं दिया जा रहा है. अधिकारियों-कर्मचारियों का हाल ये है कि किसी दफ्तर में बिना पैसे दिए काम नहीं हो रहा है.

चंद्रशेखर ने पंचायत चुनाव में देरी पर भी सरकार को घेरा. कहा कि कोर्ट के आदेश के बावजूद भी सरकार चुनाव नहीं करवा रही है. उन्होंने कहा कि किसान समाज जाग गया है. अब यह किसी के चक्कर में नहीं पड़ने वाला. लोग समझदार हैं. समय आने पर चुनाव में जवाब देंगे. सरकार को यदि अपनी वापसी का यकीन होता तो पंचायत चुनाव करा लेती.

Recent News