प्लेन क्रैश में अजित पवार की मौत को लेकर खड़ा हुआ नया राजनीतिक विवाद
मदास कदम ने कहा- उपमुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखते थे सुनील तटकरे
सुनील तटकरे ने सभी आरोपों को “पूरी तरह से झूठा” बताते हुए खारिज कर दिया
मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की जनवरी 2026 में बारामती हवाईअड्डे पर हुए प्लेन क्रैश में मौत को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. शिवसेना के वरिष्ठ नेता रामदास कदम ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे की भूमिका की गहन जांच की मांग की है. उन्होंने तटकरे को बेईमान और महत्वाकांक्षी बताते हुए कहा कि यह आदमी राजनीतिक फायदे के लिए कुछ भी कर सकता है.
रामदास कदम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सुनील तटकरे एक बेईमान व्यक्ति हैं. इस बात की गहन जांच होनी चाहिए कि क्या अजित पवार के विमान हादसे में सुनील तटकरे शामिल हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि तटकरे उपमुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखते थे और जो भी उनके करीब आता है, उसे खत्म कर देते हैं. कदम ने पुराने राजनीतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले उन्होंने तटकरे के चुनावों में कंधे से कंधा मिलाकर काम किया था, लेकिन कई लोगों ने चेतावनी दी थी कि वे बेईमान हैं.
यह बयान रायगढ़ जिले के खेड़ में पोयनार बांध परियोजना के भूमिपूजन समारोह के दौरान बैठने की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद के बाद आया है. सूत्रों के अनुसार विवाद तटकरे के बहनोई अजय बिरवटकर से जुड़ा था. एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और सुनेत्रा अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी दोनों ही भाजपा नेतृत्व वाली महायुति सरकार का हिस्सा हैं.
सुनील तटकरे ने सभी आरोपों को “पूरी तरह से झूठा” बताते हुए खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि वह विस्तृत जवाब देने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और कानूनी नोटिस भी भेज सकते हैं. एनसीपी प्रवक्ता उमेश पाटिल ने विवाद को स्थानीय राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का नतीजा बताया और कहा कि तटकरे पिछले 40 वर्षों से कोंकण क्षेत्र में काम कर रहे हैं. उन्होंने कदम से आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने को कहा.
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा कि रामदास कदम को पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करानी चाहिए ताकि उचित जांच हो सके. अजित पवार की 28 जनवरी 2026 को बारामती में लैंडिंग के दौरान हुए प्लेन क्रैश में मौत हुई थी. उस समय से ही हादसे को लेकर सियासी बयानबाजी जारी है.