योगी की 209 नामों की लिस्ट दिल्ली पहुंची, यूपी चुनाव में बीजेपी की टिकट रेस तेज

Amanat Ansari 10 Nov 2026 11:21 AM 1 Mins
योगी की 209 नामों की लिस्ट दिल्ली पहुंची, यूपी चुनाव में बीजेपी की टिकट रेस तेज

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा का बड़ा कदम

टीम योगी के ग्राउंड फीडबैक, आंतरिक सर्वे तैयार की गई सूची

योगी आदित्यनाथ ने इन नामों पर जताया जीत का पूरा भरोसा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में भाजपा ने बड़ा कदम उठा लिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 209 उम्मीदवारों की सूची दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के पास मंजूरी के लिए भेज दी है. 403 सीटों वाले यूपी में बहुमत के लिए 202 सीटें चाहिए होती हैं, यानी आधे से ज्यादा सीटों पर नाम लगभग तय हो चुके हैं.

सूची टीम योगी के ग्राउंड फीडबैक, आंतरिक सर्वे और गहन मंथन के बाद तैयार की गई है. मुख्यमंत्री का अपना फीडबैक सिस्टम है, जिसमें एजेंसियों की रिपोर्ट, दौरों के दौरान नेताओं से मुलाकात और स्थानीय समीकरण शामिल होते हैं. सिटिंग विधायकों पर एंटी-इनकंबेंसी, नए चेहरों का पब्लिक कनेक्ट, जाति समीकरण और विपक्षी समाजवादी पार्टी के संभावित उम्मीदवारों का भी हिसाब रखा गया है. योगी ने इन नामों पर जीत का पूरा भरोसा जताया है.

2024 लोकसभा चुनाव और हाल के एमएलसी चुनाव में प्रत्याशी चयन में देरी और राज्य-केंद्र के बीच सामंजस्य की कमी को खराब प्रदर्शन का एक कारण माना गया था. इस बार ऐसी गलती न हो, इसके लिए पहले से सूची बनाकर दिल्ली भेजी गई है, ताकि केंद्रीय आलाकमान भी अपना फीडबैक ले सके. अंतिम मुहर केंद्रीय समिति ही लगाएगी.

प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की टीम और संगठन अलग-अलग जोन में सर्वे करा रहा है. पार्टी चाहती है कि उम्मीदवार लोकस स्तर पर सर्वमान्य हों. ऐसी चर्चा है कि इस बार 100 से ज्यादा मौजूदा विधायकों के टिकट कट सकते हैं, जो करीब 40 प्रतिशत होगा. पिछली बार भी 70 विधायकों का टिकट काटा गया था.

भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने और 300 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखे हुए है. दिल्ली से मंजूरी मिलते ही चुने गए उम्मीदवार मैदान में उतरने लगेंगे. यूपी की सियासत में टिकट वितरण की असली जंग अब शुरू हो चुकी है.

Recent News