उमर अब्दुल्ला के मंत्री बोले- JK का झंडा और 370 वापस लाएंगे, BJP बोली- सपना देखना छोड़ दो

Amanat Ansari 10 Nov 2026 03:56 PM 2 Mins
उमर अब्दुल्ला के मंत्री बोले- JK का झंडा और 370 वापस लाएंगे, BJP बोली- सपना देखना छोड़ दो

जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और BJP के बीच जुबानी जंग शुरू

CM की कैबिनेट में शामिल हुए मीर सैफुल्लाह का भड़काऊ बयान

मंत्री मीर सैफुल्लाह के बयान पर भाजपा ने तुरंत प्रतिक्रिया दी...

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच एक बार फिर जुबानी जंग शुरू हो गई है. हाल ही में उमर अब्दुल्ला की कैबिनेट में शामिल हुए मीर सैफुल्लाह ने कुपवाड़ा में बयान देते हुए जम्मू-कश्मीर के पुराने झंडे और आर्टिकल 370 को वापस लाने की कसम खाई है. उन्होंने साफ कहा कि 5 अगस्त 2019 को लोगों से जो कुछ भी छीना गया था, उसे वापस लाया जाएगा.

सैफुल्लाह ने अपने पहले सार्वजनिक बयान में कहा कि हमारा यह झंडा, राज्य का यह निशान, नेशनल कॉन्फ्रेंस की तरफ से जम्मू-कश्मीर को एक तोहफा था. सिर्फ नेशनल कॉन्फ्रेंस ही इसे वापस ला सकती है. किसी दूसरी पार्टी में ऐसा करने की न तो काबिलियत है और न ही हैसियत. इस दौरान उन्होंने जोर देकर कहा कि जो कुछ भी छीन लिया गया है, उसे वापस लिया जाएगा.

उन्होंने आगे कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने ही 1953 से पहले का स्टेटस, आर्टिकल 370 और जम्मू-कश्मीर के लिए अलग झंडा दिलाया था. अब उनकी वापसी के लिए संघर्ष शुरू हो चुका है. सैफुल्लाह ने कहा कि हम सब शून्य से शुरू करते हैं, लेकिन एक दिन 100 तक पहुंचेंगे. उन्होंने 5 अगस्त 2019 के फैसले को ज़ुलुम (अन्याय) बताया और कहा कि उस दिन जम्मू-कश्मीर का दर्जा कम किया गया और राज्य का बंटवारा किया गया. उन्होंने कहा कि हमारा झंडा और संविधान छीन लिया गया. उन्होंने सभी पार्टियों से अपील की कि जम्मू-कश्मीर का झंडा वापस लाने के लिए सबको हाथ मिलाना चाहिए.

सैफुल्लाह के बयान पर भाजपा ने तुरंत प्रतिक्रिया दी. पार्टी ने कहा कि आर्टिकल 370 अब इतिहास बन चुका है और अब दुनिया में कोई भी जम्मू-कश्मीर में दो झंडे या दो संविधान वाला सिस्टम लागू नहीं कर सकता. ऐसे में सपना देखना छोड़ देना चाहिए. पार्टी ने आरोप लगाया कि उमर अब्दुल्ला सरकार लोगों की उम्मीदों को पूरा करने में हर तरह से फेल हो रही है, इसलिए सत्ताधारी पार्टी के नेता फिर से ऐसे खोखले वादे और भावनात्मक नारे दे रहे हैं.

भाजपा नेता सुनील शर्मा ने कहा कि कश्मीर के लोग अब नेशनल कॉन्फ्रेंस का असली इरादा जान चुके हैं. वे इन भावनात्मक नारों के असर में बिल्कुल नहीं आएंगे. शर्मा ने आगे कहा कि एनसी की सरकार ने अभी तक लोगों के रोजमर्रा के मुद्दों का समाधान नहीं किया है, इसलिए पुराने मुद्दों को फिर से उठाकर ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है. मीर सैफुल्लाह को हाल ही में 27 अक्टूबर को उमर अब्दुल्ला की कैबिनेट में शामिल किया गया था. 

Recent News