अप्रेंटिसशिप कर रहे ITI छात्र पर आरोप
हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, यूपी में बेचा
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में सेक्टर-8 पुलिस थाने के मालखाने से कई लाइसेंसी हथियार गायब होने का मामला सामने आया है. थाने में सुरक्षित अभिरक्षा में रखे गए इन हथियारों की चोरी का पता नियमित निरीक्षण के दौरान चला. जांच पता चला कि 32 लाइसेंसी बंदूकें गायब थी. मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस ने पता लगाया कि थाने में अप्रेंटिसशिप कर रहे एक आईटीआई छात्र मोनू पर इन हथियारों की चोरी का आरोप है. उसने मालखाने से एक-एक कर हथियार निकाले और उन्हें अंतरराज्यीय नेटवर्क के जरिए हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बेच दिया. इनमें कई महंगी विदेशी पिस्तौलें भी शामिल थीं. चोरी लंबे समय तक पकड़ में नहीं आई.
मामले में मालखाना प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गई. पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया और चोरी हुए ज्यादातर हथियार बरामद कर लिए. हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए राज्य के सभी थानों के मालखानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा का निर्देश दिया है. हालांकि थाने से गायब सभी हथियार भी बरामद कर लिए गए.
आयोग ने अप्रेंटिस को मालखाने तक पहुंच दिए जाने पर भी सवाल उठाए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. यह घटना थानों में हथियारों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है. इस मामले को लेकर सारे सबूत जुटाने के बाद मुख्य आरोपी सहित 28 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया.