उत्तर दिनाजपुर: नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में मुख्य आरोपित दिलीप राय को सोमवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया. यह घटना रायगंज थाना क्षेत्र में बंगाल-बिहार सीमा से सटे परारपुकुर घाट इलाके में हुई. पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर रायगंज थाने की विशेष टीम सुबह आरोपित को गिरफ्तार करने पहुंची. पुलिस गाड़ी के मौके पर पहुंचते ही दिलीप राय ने टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.
इस दौरान पुलिस की गाड़ी के टायर में भी गोली लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दिलीप राय गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत रायगंज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पिछले गुरुवार को रायगंज के अब्दुलघाटा जंगल इलाके से एक लापता नाबालिग लड़की का सड़ा-गला शव बरामद किया गया था. लड़की तीन तारीख को लापता हुई थी और पांच तारीख को उसका शव मिला. मृतका के स्वजन ने रायगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. जांच में दुष्कर्म और हत्या की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी का अभियान तेज कर दिया था.
पुलिस कार्रवाई की सराहना
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. हिंदू जागरण मंच के संयोजक सौमित्र दे ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की. उन्होंने कहा कि बंगाल में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ दुष्कर्म व हत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लड़की की हत्या के बाद आरोपित ने उसके पिता से खोजकर वापस लाने के नाम पर रुपये लिए थे. बरुईपुर, गायघाटा और शमशेरगंज के बाद अब उत्तर दिनाजपुर में भी पुलिस की गोली से एक आरोपित की मौत हो गई है. रायगंज पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था और बिहार के रास्ते भागने की कोशिश में था. मृतका आरोपी की भांजी लगती थी. बता दें कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने के बाद यह चौथा मामला है, जब किसी अपराधी को एनकाउंटर में मार गिराया गया हो.