बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दीपावली पर छुट्टी लेकर घर आए राष्ट्रपति भवन के सुरक्षाकर्मी को गोली मार दी गई. घर के बाहर मौजूद उसके पिता पर भी तीन युवकों ने तमंचे से फायरिंग की. सिर में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. बागपत के रमाला क्षेत्र के गांव गोपालपुर खड़ाना में रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष हो गया.
गांव निवासी जनकराज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दीपावली की रात करीब नौ बजे वह और उनके बेटे सौरभ तथा विनीत घर के सामने खड़े थे. इसी दौरान गांव के धीरज और मोनू एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचे. आरोप है कि तीनों के हाथों में तमंचे और लाठी-डंडे थे. आरोपियों ने रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर हमलावरों ने तमंचे से फायरिंग कर दी. इस दौरान एक गोली सौरभ के सिर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा. इसके बाद आरोपियों ने विनीत पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. सिर में चोट लगने से विनीत भी गंभीर रूप से घायल हो गया.
सौरभ वर्ष 2021 में राष्ट्रपति के अंगरक्षक के रूप में भर्ती हुए थे और इस समय उनकी तैनाती राष्ट्रपति भवन में है. अचानक हुई फायरिंग और मारपीट से मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले. परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों घायलों को बड़ौत के अस्पताल में भर्ती कराया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सौरभ को मेरठ रेफर कर दिया.
पीड़ित जनकराज ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है. बड़ौत सीओ अंशु जैन ने बताया कि रंजिश में संघर्ष की वारदात हुई है. घायल युवक का मेरठ में इलाज चल रहा है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस की दो टीमें आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही हैं. घटना के बाद से पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है.