नई दिल्ली: गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के इंद्रापुरी में फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती का खौफनाक अंत हुआ. आरोप है कि प्रेमी पिंटू ने मिलने के लिए पिंकी को कमरे पर बुलाया. वहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी. इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. गुस्से में पिंटू ने ईंट से पिंकी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने पिंटू और उसके दोस्त आर्यन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
जदूरी करता है पति
मृतका की पहचान बुलंदशहर के अनूपशहर थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी पिंकी (28) के रूप में हुई है. वह अपने पति प्रमोद और दो बच्चों के साथ लोनी के इंद्रापुरी नंबर-दो स्थित नीलम फैक्टरी रोड पर किराये के मकान में रहती थी. उसका पति मजदूरी करता है. त्योहार के चलते प्रमोद अपने गांव बुलंदशहर गया हुआ था. इसी दौरान सोमवार देर शाम को पिंकी की हत्या कर दी गई.
कमेर में शराब पी
मिली जानकारी के अनुसार, पिंकी अपने प्रेमी पिंटू से मिलने पिंटू के साथी आर्यन के कमरे पर पहुंची थी. पिंटू और उसके साथी ने प्रेमिका पिंकी के घर के पास ही एक कमरा किराए पर लिया था, जिसमें करीब 4 दिनों से वे रह रहे थे. कमरे में तीनों ने पहले साथ बैठकर शराब पी. इसके बाद प्रेमी पिंटू और पिंकी के बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया. गुस्से में पिंटू ने पास में रखी ईंट से पिंकी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के दौरान कमरे से चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. सोमवार रात करीब 8:54 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली.
2 आरोपी हिरासत में
सूचना पर लोनी बॉर्डर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. कमरे में पिंकी का शव जमीन पर पड़ा मिला. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फील्ड यूनिट को बुलाया और साक्ष्य संकलित कराए. दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पंचायतनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने मृतका के पति और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है.
फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती
एसीपी अमरदीप मौर्य ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में फेसबुक और फोन के जरिए कुछ माह पहले दोस्ती और फिर आपसी विवाद की बात सामने आई है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है. परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ हत्या के कारणों की जांच कर रही है. पिंकी और पिंटू दोनों बुलंदशहर के रहने वाले हैं और उनकी दोस्ती करीब 4-5 महीने पहले फेसबुक के जरिए हुई थी.