चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और खरसावां तथा चाईबासा विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ चुके मनोज लियांगी का रविवार को निधन हो गया. वे बीमारी के कारण जमशेदपुर के टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके आकस्मिक निधन से पश्चिमी सिंहभूम जिले और भाजपा परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है.
मनोज लियांगी लंबे समय से पार्टी संगठन को मजबूत करने में सक्रिय रहे. उन्होंने पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों और आंदोलनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. उनके निधन पर भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और वरिष्ठ नेता जे.बी. तुबिद सहित कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया.
नेताओं ने कहा कि मनोज लियांगी का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने संगठन के प्रति उनके समर्पण, सक्रियता और योगदान को याद करते हुए कहा कि भाजपा परिवार उनके कार्यों को कभी नहीं भूलेगा. नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.