हैदराबाद: अमेरिका के मिशिगन में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद के सीनेट सीट जीतकर इतिहास रचने पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने प्रतिक्रिया दी है. ओवैसी ने इस जीत को उत्तर प्रदेश की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि अब वहां के अब्दुल को अपनी सियासी पहचान मजबूत करनी होगी.
ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''एक अब्दुल मिशिगन में जीत गया, अब उत्तर प्रदेश के अब्दुल को भी अपनी सियासी पहचान मजबूत करनी होगी. संघियों ने अब्दुल को एक तंज में बदलने की बहुत कोशिश की है. वक्त आ गया है कि हम दिखाएं कि अब्दुल अल्लाह के सिवा किसी की गुलामी नहीं करता. अब दरी नहीं बिछाएंगे. यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में 2027 की विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू हो चुकी है.
अब्दुल अल-सैयद की ऐतिहासिक जीत
अब्दुल अल-सैयद ने मिशिगन से अमेरिकी सीनेट की सीट जीतकर अमेरिका के पहले मुस्लिम सीनेटर बनने का इतिहास रच दिया. उन्होंने रिपब्लिकन नेता माइक रोजर्स को कड़े मुकाबले में हराया. चुनाव प्रचार के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें “जिहादी” कहकर निशाना बनाया था और इस्लामोफोबिक टिप्पणियां की थीं. इसके बावजूद अल-सैयद ने जीत हासिल की.
जीत के बाद अल-सैयद ने अपने भाषण में कहा कि अमेरिका जैसे समृद्ध देश में लोगों को राशन, पेट्रोल, घर और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इतना संघर्ष नहीं करना चाहिए. उन्होंने टैक्स के पैसे का इस्तेमाल लोगों की भलाई के लिए करने पर जोर दिया. ओवैसी के इस बयान पर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है. लोग इसे मुस्लिमों को एकजुट करने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं.