वाराणसी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी से बड़ा ऐलान किया कि वे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव खुद नहीं लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.
मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने कहा, ''हम तब मुख्यमंत्री बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते. पिछली बार कहां से मुख्यमंत्री बना था? लोकसभा से... तो फिर वहीं से आकर शपथ लूंगा.” उन्होंने कहा कि यही उनके लिए शुभ है, इसलिए वही करेंगे जो शुभ होगा.
बता दें कि 2012 में जब अखिलेश यादव यूपी के मुख्यमंत्री बने थे, तब वे कन्नौज से लोकसभा सांसद थे. सीएम बनने के बाद उन्होंने लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर विधान परिषद की सदस्यता ली थी. वाराणसी में अखिलेश ने योगी सरकार पर तीखे हमले किए.
उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में 200 विधायकों का टिकट काटने जा रही है. दालमंडी के व्यापारियों और दुकानदारों के मुद्दे को भी विधानसभा चुनाव का मुद्दा बताया.
उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि मां गंगा ने जिसे बुलाया था, उन्होंने ही मां गंगा को भुला दिया. अखिलेश ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर भी भाजपा को घेरा.