अनिल अंबानी ग्रुप पर ईडी का बड़ा एक्शन: 510 करोड़ की संपत्ति कुर्क, 2 चार्टर्ड विमान और 6 प्लॉट शामिल

Amanat Ansari 03 Nov 2026 09:25 PM 1 Mins
अनिल अंबानी ग्रुप पर ईडी का बड़ा एक्शन: 510 करोड़ की संपत्ति कुर्क, 2 चार्टर्ड विमान और 6 प्लॉट शामिल

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अनिल अंबानी ग्रुप के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 510 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर ली हैं. इनमें दो चार्टर्ड विमान भी शामिल हैं. ईडी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी.

एजेंसी के मुताबिक, यह कार्रवाई रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप (RAAG) से जुड़ी कंपनियों पर बैंक और वित्तीय संस्थानों के साथ धोखाधड़ी के मामलों में की गई है. धन शोधन निवारण कानून (PMLA) के तहत अस्थायी आदेश जारी किया गया. इस कार्रवाई के बाद अब तक कुल कुर्क/जब्त संपत्तियों का मूल्य 23,100 करोड़ रुपये हो गया है.

आरकॉम मामले (247.12 करोड़) में दो चार्टर्ड विमान (डसॉल्ट फाल्कन 2000 और एम्ब्रेयर), महाराष्ट्र में 6 प्लाट और ऑफिस परिसर कुर्क किए गए. आरएचएफएल और आरसीएफएल मामले (263.05 करोड़) में तमिलनाडु की दो पवन चक्कियां, बैंक बैलेंस, सावधि जमा और निवेश कुर्क किए गए.

ईडी का आरोप है कि समूह ने बैंकों से मिले सार्वजनिक धन का दुरुपयोग किया, आईबीसी का गलत इस्तेमाल किया और पैसे विदेशों के टैक्स हेवन तक भेजे. एजेंसी का दावा है कि इसका बड़ा हिस्सा प्रवर्तकों और उनके परिवार के निजी फायदे के लिए इस्तेमाल हुआ. अब तक 10 लोगों की गिरफ्तारी और 6 आरोपपत्र दाखिल हो चुके हैं. FEMA के तहत भी अलग जांच चल रही है.

Recent News