एसपी के निर्देश पर 6 टीमों ने एक साथ पांच होटलों में बोला धावा
स्टेशन इलाके से अरवल मोड़ तक हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई
कई युवक-युवतियां आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए
होटलों के रजिस्टर, एंट्री डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज जब्त
नाबालिगों को कमरा दिए जाने की भी मिली थी गुप्त सूचना
पूछताछ के बाद संदिग्ध गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
जहानाबाद: जहानाबाद शहर में कथित सेक्स रैकेट के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एसपी के निर्देश पर पुलिस की 6 अलग-अलग टीमों ने एक साथ पांच होटलों में छापेमारी की. इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में 25 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के कई होटल और रेस्ट हाउस में देह व्यापार का अवैध धंधा चल रहा है और नियमों को ताक पर रखकर नाबालिगों को भी कमरे दिए जा रहे हैं.
सूचना के सत्यापन के लिए एसपी के निर्देश पर 6 विशेष टीमों का गठन किया गया. इन टीमों की अगुवाई नगर थानाध्यक्ष आलोक कुमार और अंचल पुलिस निरीक्षक दिवाकर कुमार विश्वकर्मा कर रहे थे. टीमों ने रेलवे स्टेशन इलाके से लेकर अरवल मोड़ तक के होटलों में एक साथ धावा बोला.
कमरों की तलाशी के दौरान कई युवक-युवतियां आपत्तिजनक हालत में पाई गईं. सबसे ज्यादा स्टेशन इलाके के एक होटल से युवक-युवतियां पकड़ी गईं. पुलिस ने 25 संदिग्ध युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर पुलिस वैन से नगर थाने पहुंचाया. वहां सभी के पहचान पत्रों और उम्र का सत्यापन किया जा रहा है. साथ ही होटलों के रजिस्टर, एंट्री डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, ताकि होटल संचालकों की भूमिका की जांच की जा सके.
सदर एसडीपीओ अनिकेत कुमार द्विवेदी ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि संदेह के आधार पर 25 लोगों को डिटेन किया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है. यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिलती है तो उन्हें पीआर बॉन्ड पर छोड़ा जाएगा. लेकिन यदि सेक्स रैकेट में संलिप्तता या नाबालिग होने का कोई साक्ष्य मिलता है, तो होटल संचालकों और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अचानक हुई इस छापेमारी से होटल संचालकों में हड़कंप मच गया और कार्रवाई को देखने के लिए सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी.