मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत ऐतिहासिक बलिराजगढ़ में सोमवार रात पुलिस जवान की गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. इस घटना से गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है. आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन भी किया.
बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े दस बजे कथित प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले में कुछ पुलिस जवान एक घर में घुसे थे. जब एक बच्ची चिल्लाने लगी तो ग्रामीण जुटने लगे. इसी दौरान आरोपी जवान ने बंद घर की खिड़की से फायरिंग कर दी. फायरिंग के बाद जवान मौके से भाग निकले.
इस घटना में अशोक यादव (पिता स्व. रामस्वरूप यादव) की मौत मौके पर ही हो गई. वह करीब एक माह पहले बेंगलुरु से अपनी बेटी की शादी की तैयारी के लिए घर आए थे और पांच बच्चों के पिता थे. फुलो देवी (पति कृष्णदेव यादव) भी घायल हुईं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घायलों में विजन यादव और धनिकलाल यादव शामिल हैं.
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी योगेंद्र कुमार, सदर-टू डीएसपी कामिनी कौशल समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पूरे गढ़ परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. ग्रामीणों ने खोजपुर चौराहा पर शव रखकर सड़क जाम कर दी और आरोपी जवानों पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय की मांग की. पुलिस जांच कर रही है.