गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले में एक मिशनरी स्कूल के प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगे हैं. सुंदरपहाड़ी प्रखंड की तिलाबाद पंचायत स्थित संत एल्फोंसा मिशन स्कूल के फादर थॉमस सोरेन पर स्कूल में रसोइया का काम करने वाली महिला ने यौन शोषण और रेप का आरोप लगाया है.
महिला के अनुसार, जब वह गर्भवती हो गई तो दबाव बनाकर उसका गर्भपात भी करवाया गया. महिला और उसके पति स्कूल में खाना बनाने का काम करते थे. महिला को 9,000 रुपए और पति को 7,000 रुपए मासिक वेतन मिलता था. आरोप है कि फादर महिला के साथ जबरन संबंध बनाते थे.
मामला तब सामने आया जब महिला गर्भवती हो गई और इसकी जानकारी उसके पति को हुई. पीड़िता का कहना है कि गर्भवती होने के बाद उसे घर भेज दिया गया और गर्भपात का दबाव बनाया गया. गर्भपात में करीब 60,000 रुपए खर्च हुए. बाद में फादर ने इस पैसे की वसूली पति से करने की बात कही, तभी मामला खुल गया. राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व सदस्य ममता कुमारी की पहल पर सुंदरपहाड़ी थाने में आवेदन पर FIR दर्ज की गई है.
थाना प्रभारी विधान चंद्र पटेल ने कहा कि पीड़िता के आवेदन पर फादर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है. पुलिस जांच कर रही है. अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है. तिलाबाद के मुखिया राजेंद्र सोरेन ने भी मामले की पुष्टि की है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.