सुलतानपुर में राजस्व टीम पर हमले के आरोपियों का पुलिस ने किया एनकाउंटर, पांच बदमाश गिरफ्तार

Amanat Ansari 04 Nov 2026 12:34 PM 2 Mins
सुलतानपुर में राजस्व टीम पर हमले के आरोपियों का पुलिस ने किया एनकाउंटर, पांच बदमाश गिरफ्तार

अवैध खनन रोकने गई टीम पर हमला, नायब तहसीलदार घायल  
कोतवाली नगर और अखंडनगर में दो मुठभेड़, पांच आरोपी गिरफ्तार  
राहुल सिंह, संदीप सिंह समेत आरोपियों के पैर में लगी गोली  
तमंचा, पिस्टल, कारतूस और काली थार गाड़ी बरामद  
गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी, बाकी आरोपियों की तलाश जारी

सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में अवैध खनन रोकने गई राजस्व टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. बुधवार सुबह दो अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इनमें से कुछ के पैर में गोली लगी है. आरोपियों के कब्जे से तमंचा, अवैध पिस्टल, कारतूस और एक काली थार गाड़ी बरामद हुई है.

सोमवार देर रात अमिलिया कला गांव में अवैध खनन की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार यादव दो लेखपालों के साथ मौके पर पहुंचे थे. वहां मौजूद खनन में लगे लोगों ने राजस्व टीम पर हमला कर दिया. हमले में नायब तहसीलदार घायल हो गए और उनका पैर टूट गया. लेखपाल भी चोटिल हुए. हमलावर फरार हो गए.

मामले में खनन इंस्पेक्टर शिव दयाल सिंह और लेखपाल सुमित कुमार शर्मा की तहरीर पर हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में गोलू सिंह, संदीप सिंह समेत 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था.

पुलिस की कार्रवाई और मुठभेड़

बुधवार सुबह पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कार्रवाई की. कोतवाली नगर के खैंचिला इलाके में पहली मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों की पहचान अमिलिया कला के राहुल सिंह, बंधुआ कला के प्रतापपुर निवासी नौशाद, करौंदी कला के रवनिया निवासी मनोज के रूप में हुई है.

इसी दिन सुबह करीब 8:45 बजे अखंडनगर इलाके में दूसरी मुठभेड़ हुई. इसमें दो और आरोपियों को पकड़ा गया, जिनकी पहचान अमिलिया कला निवासी संदीप सिंह, गोसाईगंज के नकाहा महमूदपुर निवासी प्रशांत सिंह के रूप में हुई है. इन दोनों के पैर में गोली लगी है. एएसपी वृज नारायण सिंह ने बताया कि घायल आरोपियों का इलाज जारी है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है.

इस मामले में पुलिस ने चार डंपर भी जब्त किए हैं. साथ ही, घटना के बाद लापरवाही के आरोप में गोड़वा पुलिस चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया गया है. प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की बात कही है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ पर पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. जांच जारी है और बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.

Recent News