भारत विरोधी इल्हान उमर ने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में पांचवीं बार जीत दर्ज की, ट्रंप को बड़ा झटका

Amanat Ansari 04 Nov 2026 05:17 PM 1 Mins
भारत विरोधी इल्हान उमर ने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में पांचवीं बार जीत दर्ज की, ट्रंप को बड़ा झटका

वाशिंगटन: अमेरिकी सांसद इल्हान उमर ने 2026 के मिडटर्म चुनाव में लगातार पांचवीं बार जीत हासिल की है. डेमोक्रेटिक पार्टी की उमर ने मिनेसोटा के 5वें कांग्रेशनल डिस्ट्रिक्ट से रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन नागेल को भारी अंतर से हराया. उन्हें करीब 76.5 प्रतिशत वोट मिले, जबकि नागेल को मात्र 16.2 प्रतिशत वोट ही मिल सके.

उमर के खाते में 2 लाख 63 हजार से अधिक वोट आए. यह जिला मिनेसोटा का सबसे डेमोक्रेटिक जिला माना जाता है, जिसमें मिनियापोलिस और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं. उमर 2019 से यहां से सांसद हैं और सोमालिया से शरणार्थी के रूप में अमेरिका आई थीं.

जांच बीच बड़ी जीत मिली

चुनाव से कुछ हफ्ते पहले होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के अधिकारियों ने वाशिंगटन डीसी में उमर के घर की तलाशी ली थी. जांच उनके इमिग्रेशन इतिहास से जुड़ी बताई गई. उमर ने आरोपों से इनकार किया और इसे राजनीतिक हमला करार दिया. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से उमर को निशाना बनाते रहे हैं. उन्होंने पहले उन्हें “कचरा” कहा था और इस्तीफा देने की मांग भी की थी. इसके बावजूद उमर ने शानदार जीत हासिल की, जिसे रिपब्लिकन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

भारत पर विवादित बयान

इल्हान उमर भारत के खिलाफ बयान देने के लिए भी जानी जाती हैं. जून 2023 में उन्होंने भारत में मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए एक प्रस्ताव पेश किया था. इसमें मुसलमानों, ईसाइयों, सिखों और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र था.

अप्रैल 2022 में पाकिस्तान दौरे के दौरान उन्होंने कश्मीर मुद्दे पर अमेरिका में चर्चा की मांग की थी. भारत के विदेश मंत्रालय ने तब उनके बयान की आलोचना की थी. उमर की इस जीत को अमेरिकी राजनीति में प्रगतिशील और मुस्लिम प्रतिनिधित्व के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पूरे देश में डेमोक्रेट्स ने हाउस और सीनेट दोनों में बेहतर प्रदर्शन किया है. 

Recent News