एसी बंद करो, 24 घंटे छिपे रहो... अमेरिका की धमकी के बीच ईरान ने जारी किया परमाणु हमला सर्वाइवल गाइड

Amanat Ansari 03 Nov 2026 07:51 PM 1 Mins
एसी बंद करो, 24 घंटे छिपे रहो... अमेरिका की धमकी के बीच ईरान ने जारी किया परमाणु हमला सर्वाइवल गाइड

नई दिल्ली: ईरान ने नागरिकों के लिए परमाणु हमले से बचने का दुर्लभ सार्वजनिक दिशानिर्देश जारी किया है. आधिकारिक न्यूज एजेंसी IRNA ने 29 अक्टूबर को आठ मिनट का शैक्षिक वीडियो जारी किया, जिसमें शरण लेने, रेडियोधर्मी प्रदूषण से बचने और फॉलआउट से सुरक्षा के निर्देश दिए गए हैं.

वीडियो में लोगों को बेसमेंट या इमारत के मध्य भाग में शरण लेने, खिड़कियों से दूर रहने और बाहर की हवा खींचने वाले एयर कंडीशनर व वेंटिलेशन सिस्टम बंद करने की सलाह दी गई है. कम से कम 24 घंटे तक सुरक्षित जगह पर रहने, पैकेटबंद भोजन और बोतलबंद पानी का इस्तेमाल करने तथा वाहनों में शरण न लेने को कहा गया है.

इस्फहान रेड क्रिसेंट सोसाइटी के इब्राहिम अदेलजादेह ने कहा, ''बेसमेंट या इमारत के मध्य वाले कमरे में खिड़कियों से दूर रहना सुरक्षित शरण हो सकता है.'' परमाणु विस्फोट के चार प्रमुख खतरे बताए गए हैं तीव्र रोशनी, ब्लास्ट वेव, अत्यधिक गर्मी और रेडियोधर्मी सामग्री. खुले में फंसे लोगों को विस्फोट की तेज रोशनी न देखने, जमीन के करीब लेटने, सिर-चेहरे को ढकने और ब्लास्ट वेव गुजरने के बाद नजदीकी मजबूत इमारत में जाने की सलाह दी गई है. रेडियोधर्मी कण हवा के जरिए दूर तक फैल सकते हैं.

दूषित कपड़े उतारकर सीलबंद बैग में रखना और साबुन-गुनगुने पानी से धोना बताया गया है. अधिकारियों ने बिना चिकित्सकीय सलाह आयोडीन टैबलेट न लेने की चेतावनी दी. बैटरी चालित रेडियो से आधिकारिक अपडेट लेने को कहा गया है.

यह गाइड पिकएक्स माउंटेन पर संभावित अमेरिकी हमले की अटकलों के बीच जारी हुआ है. 16 अक्टूबर को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका इस पहाड़ को निशाना बना सकता है, लेकिन परमाणु हथियार इस्तेमाल नहीं करेगा. यह सलाह ईरान के पैसिव डिफेंस वीक का हिस्सा है और जून 2025 के हमलों के दौरान दिए गए आश्वासनों से अलग है.

Recent News