नई दिल्ली: ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले मालवाहक जहाज पर हमला हुआ है. इस घटना में गुजरात के एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य नाविकों को ओमान के तटरक्षक बल ने सुरक्षित बचा लिया. केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी.
उनके अनुसार, भारतीय जहाज एमएसवी अल जुसुफी (MSV AL JUSUFI) ओमान के तट के पास से गुजर रहा था, तभी किसी अज्ञात हवाई वस्तु ने उसे निशाना बनाया. जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे. हमले में घायल एक नाविक की जान नहीं बचाई जा सकी. मृतक की पहचान गुजरात के रहने वाले गांधार नाहिम अजीज के रूप में हुई है. शेष 13 चालक दल के सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे और ओमान के तटरक्षक बल ने उनका रेस्क्यू किया.
सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है. दूतावास सुरक्षित बचाए गए सभी 13 भारतीय नाविकों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है. मंत्रालय का लक्ष्य सुरक्षित बचे चालक दल के सदस्यों के साथ मृत नाविक के पार्थिव शरीर को भी जल्द भारत वापस लाना है.
अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच पश्चिम एशिया में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले जारी हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, इस संघर्ष के दौरान जहाजों और तेल टैंकरों पर हुए हमलों में अब तक कई भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है. विदेश मंत्रालय ने पहले भी जहाजों पर हमलों की निंदा करते हुए नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया था.