''बाबरी मस्जिद बनकर रहेगी, ताकत है तो रोककर दिखाओ…'' हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को NH-34 जाम करने की दी धमकी, प्रशासन को दी खुली चुनौती

Amanat Ansari 02 Nov 2026 10:10 PM 2 Mins
''बाबरी मस्जिद बनकर रहेगी, ताकत है तो रोककर दिखाओ…'' हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को NH-34 जाम करने की दी धमकी, प्रशासन को दी खुली चुनौती

मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा इलाके में बाबरी मस्जिद बनाने की योजना को लेकर सियासी तनाव बढ़ गया है. आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के अध्यक्ष और नौदा के विधायक हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को नेशनल हाईवे-34 को पूरी तरह जाम करने की धमकी दी है. उन्होंने साफ कहा कि अगर प्रशासन में हिम्मत है तो इस नाकाबंदी को रोककर दिखाए.

बेलडांगा में प्रस्तावित मस्जिद परिसर से जुड़े राजस्व और खर्च के मामलों पर हुई एक बैठक में हुमायूं कबीर ने जिला प्रशासन और पुलिस को सीधी चुनौती दी. उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन के पास ताकत है तो इस नाकाबंदी को खत्म कर दिखाए. हम अपना काम करेंगे और कोई हमें रोक नहीं सकता.

हाईवे जाम करने का दावा

हुमायूं कबीर ने दावा किया कि 6 दिसंबर को रेजिनगर से बहरामपुर तक करीब 30 किलोमीटर लंबा नेशनल हाईवे-34 पूरी तरह उनके समर्थकों के नियंत्रण में रहेगा. उनका कहना है कि इस दिन सड़क पर उनके हजारों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहेंगे.

उन्होंने अन्य प्रमुख रास्तों पर भी मोर्चा संभालने की बात कही. इनमें शामिल हैं, कृष्णानगर से बहरामपुर तक का रास्ता, डोमकल से बहरामपुर तक का रास्ता, जलांगी से बहरामपुर तक का रास्ता, सैंथिया से कंडी तक का रास्ता, बर्दवान से नबद्वीप पुल तक का रास्ता. उन्होंने कहा कि इन सभी मार्गों पर उनके पार्टी के कार्यकर्ता तैनात रहेंगे और किसी को भी आसानी से निकलने नहीं दिया जाएगा.

कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के आरोपों को खारिज करते हुए हुमायूं कबीर ने कहा कि पुलिस अच्छी तरह जानती है कि उन्होंने कभी कानून अपने हाथ में नहीं लिया है और आगे भी नहीं लेंगे. उन्होंने कहा, हम शांतिपूर्ण तरीके से अपना काम करना चाहते हैं. मैं सभी से अपील करता हूं कि 6 दिसंबर को आकर मेरा समर्थन करें और इस ऐतिहासिक काम में शामिल हों.

उनके अनुसार, रैली और निर्माण कार्य किसी के खिलाफ नहीं है, बल्कि अपनी धार्मिक भावनाओं के सम्मान के लिए है. हुमायूं कबीर पहले तृणमूल कांग्रेस के नेता थे. पार्टी से निकाले जाने के बाद उन्होंने अपनी नई पार्टी ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ बनाई.

इस नई पार्टी के जरिए उन्होंने मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में एक बड़ी और विश्व स्तर की मस्जिद बनाने की घोषणा की है. यह मस्जिद 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराने की याद में बनाई जा रही है. इसकी अनुमानित लागत करीब 87 करोड़ रुपए बताई जा रही है. कबीर के मुताबिक, 6 दिसंबर को ही निर्माण कार्य की शुरुआत होगी और उसी दिन मस्जिद का आधिकारिक उद्घाटन भी किया जाएगा.

इधर माकपा विधायक मुस्तफिजुर रहमान ने हुमायूं कबीर के 6 दिसंबर को रेजिनगर से बहरमपुर तक रैली निकालने के ऐलान पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कबीर अपने बयानों से भाजपा को फायदा पहुंचा रहे हैं. रहमान ने कहा कि कबीर ने 6 दिसंबर 2025 को बाबरी मस्जिद के मॉडल पर मस्जिद बनाने की आधारशिला रखी थी, जिससे राज्य में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था. 

Recent News