पटियाला: पंजाब के पटियाला में कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के चार डिब्बों में शुक्रवार को भीषण आग लग गई. ट्रेन के चलते समय अचानक लपटें भड़क उठीं और चारों ओर घना धुआं फैल गया. हादसा पटियाला के पास राजपुरा इलाके में हुआ.
रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से बिहार के लिए जा रही थी. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग ट्रेन के पैंट्री कार से शुरू हुई. लपटें तेजी से फैलती गईं और चार डिब्बे आग की चपेट में आ गए.
ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है. फायर ब्रिगेड और रेलवे स्टाफ आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी रखे हुए हैं. स्थानीय प्रशासन और रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया है.
पूरे इलाके में धुआं छाया हुआ है और ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया था. अधिकारियों ने कहा कि आग की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू की जाएगी. यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था कर आगे की यात्रा के लिए मदद दी जा रही है.