अमेरिका-इजरायल को ईरान का कड़ा संदेश
इंतजाम और ऊर्जा सहयोग पर भी हुई चर्चा
होर्मुज और बातचीत लेकर रखी कड़ी शर्तें
मॉस्को/तेहरान: ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसिन रेजाई ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का एक पत्र पुतिन को सौंपा. मुलाकात में क्षेत्रीय सुरक्षा, युद्ध के बाद के इंतजाम और ऊर्जा सहयोग पर चर्चा हुई. मुलाकात के बाद रेजाई ने कहा कि उन्होंने पुतिन को बताया कि ईरान ने अमेरिका को सात शर्तें दी हैं.
जब तक अमेरिका इन शर्तों को पूरा नहीं करता, न तो होर्मुज जलडमरूमध्य खोला जाएगा और न ही कोई बातचीत होगी. उन्होंने कहा कि कूटनीति के मुद्दे पर हमने अमेरिकियों को सात शर्तें बता दी हैं. जब तक वे इन्हें लागू नहीं करते, न हम होर्मुज खोलेंगे और न बातचीत करेंगे. मुलाकात में युद्ध के बाद क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था और रूस-ईरान गैस पाइपलाइन परियोजना पर भी बात हुई.
रेजाई ने कहा कि पुतिन ने अमेरिकी आक्रामकता को समाप्त करने में रूस के समर्थन की बात दोहराई और कहा कि मास्को युद्ध खत्म करने के लिए हर संभव मदद करने को तैयार है. खामेनेई ने हाल ही में कहा था कि अमेरिका के सामने झुकने का जरा सा भी विचार नहीं होना चाहिए और ईरान को और मजबूत बनकर पूर्ण निवारण की स्थिति तक पहुंचना चाहिए.
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद ट्रंप प्रशासन पर दबाव बढ़ा है और क्षेत्र में युद्धविराम की कूटनीतिक कोशिशें तेज हो गई हैं. कतर समेत कई देश मध्यस्थता की कोशिश कर रहे हैं. दोनों देशों ने ऊर्जा सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई. रूस और ईरान दोनों पश्चिमी प्रतिबंधों का सामना कर रहे हैं और हाल के वर्षों में उनके संबंध और मजबूत हुए हैं.