क्या 13 नवंबर 2026 को खत्म हो जाएगी पूरी दुनिया? फिर चर्चा में पुरानी भविष्यवाणी...

Amanat Ansari 11 Nov 2026 06:14 PM 1 Mins
क्या 13 नवंबर 2026 को खत्म हो जाएगी पूरी दुनिया? फिर चर्चा में पुरानी भविष्यवाणी...

नई दिल्ली: 13 नवंबर 2026 की तारीख नजदीक आने के साथ सोशल मीडिया और मीडिया में दुनिया के खत्म होने की पुरानी भविष्यवाणी फिर चर्चा में है. यह तारीख 66 साल पहले छपे एक वैज्ञानिक अध्ययन से जुड़ी है, जिसमें पृथ्वी पर आबादी के भविष्य का आकलन किया गया था. तीन शोधकर्ताओं हाइन्ज फॉन फॉर्स्टर, पैट्रिशिया मोरा और लॉरेंस एमियट ने 4 नवंबर 1960 को अमेरिका की साइंस मैगजीन में यह अध्ययन प्रकाशित किया था.

इसका शीर्षक था 'कयामत का दिन: शुक्रवार, 13 नवंबर'. ये तीनों अमेरिकी यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनॉय के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग से जुड़े थे. उन्होंने दुनिया की आबादी से जुड़े ऐतिहासिक अनुमानों (ईसवी सन् की शुरुआत से 1958 तक के 24 अनुमान) का इस्तेमाल कर हाइपरबोलिक ग्रोथ मॉडल बनाया.

इसमें न सिर्फ आबादी बढ़ती है, बल्कि समय के साथ उसके बढ़ने की रफ्तार भी तेज होती जाती है. इंसानों की आपस में बातचीत और सहयोग की क्षमता को पर्यावरण की सीमाएं पार करने में मददगार माना गया. मॉडल के अनुसार 2026 के मध्य (लगभग नवंबर) में आबादी सैद्धांतिक रूप से अनंत (सिंगुलैरिटी) तक पहुंच जाती. इसीलिए शीर्षक में 13 नवंबर 2026 की तारीख आई.

लेकिन शोधकर्ता किसी प्राकृतिक आपदा, एस्टेरॉयड टकराव, सूर्य विस्फोट या मानव विनाश की बात नहीं कर रहे थे. यह सिर्फ गणितीय मॉडल का काल्पनिक बिंदु था, जहां शर्तें बिना बदलाव के जारी रहने पर आबादी अनंत हो जाती, जो भौतिक रूप से असंभव है. वे पर्यावरण, संसाधनों और जन्म-मृत्यु दर के प्रभावों से अवगत थे. अध्ययन के समय दुनिया की आबादी करीब 3 अरब थी.

अब यह 8 अरब से अधिक है, लेकिन अनंत के कहीं करीब नहीं. संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रॉस्पेक्ट्स 2024 के अनुसार, आबादी 2024 में करीब 8.2 अरब से बढ़कर 2080 के दशक के मध्य तक लगभग 10.3 अरब होने का अनुमान है. इसके बाद धीरे-धीरे गिरावट शुरू होगी और 2100 तक करीब 10.2 अरब रह जाएगी. कई देशों में प्रजनन दर में तेज गिरावट, औसत उम्र बढ़ना और बुजुर्ग आबादी बढ़ने की चिंता है.

आबादी बढ़ने की दर 1960 के दशक में चरम पर थी, उसके बाद गिरावट आई. मिस्र के अखबार वातनी ने 29 नवंबर 1964 का एक लेख भी छापा था, जिसमें मिशेल टेकला ने इसी तारीख को दुनिया खत्म होने का जिक्र किया था. सोशल मीडिया पर पुरानी भविष्यवाणी फिर वायरल हो रही है, लेकिन वैज्ञानिकों का स्पष्ट रुख है कि यह कोई वास्तविक विनाश की भविष्यवाणी नहीं थी.

Recent News