हम दिवाली मनाते हैं तो उन्हें प्रदूषण दिखता है... सीएम योगी बोले- अच्छा लगा लोगों ने धूम-धड़ाके से मनाया त्योहार

Amanat Ansari 11 Nov 2026 01:32 PM 2 Mins
हम दिवाली मनाते हैं तो उन्हें प्रदूषण दिखता है... सीएम योगी बोले- अच्छा लगा लोगों ने धूम-धड़ाके से मनाया त्योहार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को दीपावली पर आतिशबाजी और प्रदूषण को लेकर उठ रहे सवालों पर अपनी बात रखी. लखनऊ में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब हम दिवाली मनाते हैं तो कुछ लोगों को प्रदूषण दिखने लगता है. अच्छा लगा कि लोगों ने पूरे धूम-धड़ाके के साथ त्योहार मनाया. उन्होंने यह भी बताया कि अयोध्या में वे खुद भी आतिशबाजी में शामिल थे.

सीएम योगी ने कहा, ''आप लोगों ने दीपावली मनाई और बहुत सारे लोग कह रहे हैं कि इससे प्रदूषण हो गया. हमने कहा कि प्रदूषण हो गया तो समाप्त भी हो जाएगा. काहे चिंता कर रहे हो? जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उनको कोई नहीं बोलता. और अगर पब्लिक एक दिन आतिशबाजी कर ले तो प्रदूषण हो गया. हुआ है तो समाप्त भी हो जाएगा. कोई समस्या नहीं है. लोगों ने अच्छा किया कि पूरे धूम-धड़ाके के साथ दीपावली मनाई. खूब आतिशबाजी की. हम लोगों ने कहा कि कोई प्रतिबंध नहीं लगाएंगे. मैं भी अयोध्या में आतिशबाजी में था.''

उन्होंने आगे कहा कि जब गलत होता है तब कोई कुछ नहीं कहता, लेकिन जब पर्व और त्योहार में कोई खुशी मनाता है तो लोगों को प्रदूषण याद आने लगता है. यह बात उन्होंने UPSSSC द्वारा राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति-पत्र और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि के वितरण के कार्यक्रम में कही.

सपा पर हमला और भर्ती व्यवस्था पर टिप्पणी

कार्यक्रम में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने UP PAC की 34 कंपनियों को खत्म कर दिया था, जिसके कारण सपा के कालखंड में यूपी में 1500 दंगे हुए और महीनों कर्फ्यू रहता था. उन्होंने धनतेरस के दिन मार्केट में चहल-पहल का जिक्र भी किया.

कनिष्ठ सहायक के चयनित अभ्यर्थियों से बात करते हुए उन्होंने पूछा कि क्या उन्हें कहीं सिफारिश करनी पड़ी या पैसे का लेन-देन हुआ. न में जवाब मिलने पर उन्होंने कहा कि यही यूपी की समृद्धि का आधार है. उन्होंने मुन्ना भाई एमबीबीएस फिल्म का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले भर्ती में ऐसे ही खेल चलते थे. परीक्षा देता कोई और नियुक्ति पत्र ले जाता कोई और. अब सिस्टम पारदर्शी है और गरीब को उसका अधिकार मिल रहा है. सीएम योगी के ये बयान दीपावली के बाद उत्तर भारत में बढ़े वायु प्रदूषण के बीच आए हैं, जब दिल्ली और आसपास के इलाकों में AQI गंभीर स्तर पर पहुंच गया था.

Recent News