नई दिल्ली: 2020 में कोहराम मचाने के बाद कोरोना का एक नया वेरिएंट PJ.2.1 चर्चा में आ गया है. इस नए वेरिएंट ने उत्तरी अमेरिका और दुनिया के अन्य हिस्सों में पांव पसारना शुरू कर दिया है. मई 2026 में कनाडा के ओंटारियो में पहली बार पहचाने गए SARS-CoV-2 के इस रूप का पता बाद में अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और एशिया के कुछ हिस्सों में भी चला है.
इसके फैलने से यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या इससे संक्रमण की एक और लहर आ सकती है और क्या मौजूदा इम्युनिटी इससे बचाव के लिए काफी है. विशेषज्ञों के अनुसार, यह JN.1 लाइनएज का एक नया रूप है.
कितना खतरनाक है नया वेरिएंट?
इस वेरिएंट में स्पाइक प्रोटीन में काफी म्यूटेशन हुए हैं. स्पाइक प्रोटीन कोरोना वायरस का वह भाग है जो इसे इंसानी कोशिकाओं के अंदर घुसने में मदद करता है. ‘जर्नल ऑफ इन्फेक्शन’ में प्रकाशित शुरुआती शोध से पता चलता है कि इसके तेजी से फैलने का मुख्य कारण शायद यह है कि यह ACE2 रिसेप्टर से अधिक मजबूती से जुड़ता है. फिलहाल ऐसा कोई सबूत नहीं है कि यह वैक्सीन से बनी एंटीबॉडी को आसानी से चकमा दे सकता है या पहले के वेरिएंट्स से अधिक गंभीर बीमारी पैदा करता है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने जोर दिया है कि COVID-19 के लक्षण इन्फ्लूएंजा और सांस संबंधी अन्य संक्रमणों से मिलते-जुलते हो सकते हैं, जिससे केवल लक्षणों के आधार पर पहचान करना मुश्किल हो जाता है. PJ.2.1 के सामने आने के बाद निगरानी की जरूरत है, लेकिन अभी पर्याप्त सबूत नहीं हैं कि यह अधिक गंभीर बीमारी का कारण बनता है.
लक्षण क्या हैं?
नए वेरिएंट के लक्षण सामान्य फ्लू से काफी मिलते-जुलते हैं. ठंड लगना, सिरदर्द, बुखार, नाक बंद होना या बहना, गले में खराश
थकान, मांसपेशियों में दर्द, पेट से जुड़ी परेशानियां और कुछ मामलों में सांस लेने में दिक्कत या स्वाद-गंध में बदलाव भी हो सकता है. कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.
बचाव के उपाय
WHO और स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लक्षणों से कोविड या सामान्य फ्लू की पहचान मुश्किल है, इसलिए जरूरत पड़ने पर टेस्ट जरूरी है. फिलहाल इस वेरिएंट को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरती जानी चाहिए.