लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक समीकरण साधने की कवायद तेज हो गई है. बस्ती के पूर्व सांसद और मौजूदा सपा सांसद रामप्रसाद चौधरी के भतीजे अरविंद कुमार चौधरी, सपा नेता अनिल यादव समेत कई नेताओं ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ले ली. लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया.
अरविंद कुमार चौधरी साल 2009 में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के टिकट पर बस्ती लोकसभा सीट से चुने गए थे. उस चुनाव में उन्होंने सपा के उम्मीदवार राजकिशोर सिंह को हराया था. बाद में वे सपा में शामिल हो गए थे. वे बस्ती से सपा सांसद रामप्रसाद चौधरी के भतीजे हैं. रामप्रसाद चौधरी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार हरीश द्विवेदी को हराया था. अनिल यादव बांदा के सपा नेता और पूर्व सीबीआई अधिकारी हैं.
सपा के लिए बड़ा झटका
अरविंद कुमार चौधरी की भाजपा में ज्वाइनिंग को समाजवादी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल में कुर्मी वोटरों को अपने पाले में करने के लिए राजनीतिक दलों में होड़ मची है. ऐसे में बस्ती से सपा के सांसद और बड़े कुर्मी नेता माने जाने वाले रामप्रसाद चौधरी के भतीजे अरविंद चौधरी को भाजपा में शामिल कराना पार्टी के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है.
2024 के नुकसान की भरपाई
2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को कई ऐसी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था जिन पर कुर्मी वोटरों की बहुलता है. यूपी में यादवों के बाद कुर्मी समाज की ओबीसी में सबसे बड़ी आबादी मानी जाती है. प्रदेश की 50 से 60 सीटों पर कुर्मी वोटरों का अच्छा-खासा प्रभाव है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीर नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, बस्ती, सिद्धार्थनगर समेत कई क्षेत्र इनमें शामिल हैं. 2024 में सपा की पूर्वी यूपी की कई सीटों पर जीत को कुर्मी वोटरों के उसके पाले में जाने का परिणाम भी बताया जाता है. ऐसे में भाजपा के लिए विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
अरविंद चौधरी की बस्ती के अलावा गोरखपुर, देवीपाटन और अयोध्या मंडल में कुर्मी वोटरों के बीच अच्छी पकड़ मानी जाती है. चर्चा है कि वे भाजपा के टिकट पर बस्ती की कप्तानगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. कार्यक्रम में स्वतंत्र देव सिंह और दयाशंकर सिंह समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे.