हंता वायरस का कहर: लग्जरी क्रूज जहाज पर फंसे दो भारतीयों की तलाश

Amanat Ansari 08 May 2026 12:25: PM 2 Mins
हंता वायरस का कहर: लग्जरी क्रूज जहाज पर फंसे दो भारतीयों की तलाश

Hantavirus Outbreak on Dutch Cruise Ship: एक डच क्रूज शिप MV Hondius पर हंता वायरस (Hantavirus) का प्रकोप फैलने से वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है. अटलांटिक महासागर में केप वर्डे के पास खड़े इस जहाज पर कुल 149 लोग सवार हैं, जिनमें दो भारतीय क्रू मेंबर भी शामिल हैं. अब तक तीन यात्रियों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद WHO समेत कई अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य संगठन अलर्ट मोड पर आ गए हैं.

भारतीय क्रू मेंबर्स कहां हैं?

जहाज चलाने वाली कंपनी ओशनवाइड एक्सपीडिशन ने यात्रियों और स्टाफ की राष्ट्रीयता वाली सूची जारी की है. इसमें दो भारतीयों के नाम की पुष्टि हुई है, लेकिन कंपनी ने उनकी पहचान, पदनाम या मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति के बारे में कोई डिटेल नहीं दी है. जहाज पर ब्रिटेन, अमेरिका, जर्मनी, स्पेन समेत कुल 23 देशों के लोग मौजूद हैं.

मौतें हुईं, फिर भी ‘सब ठीक’ का दावा

जहाज पर एक डच दंपत्ति और एक जर्मन यात्री की मौत हो चुकी है. चिकित्सकों का अनुमान है कि यह एंडिस वायरस (Andes virus) स्ट्रेन के कारण हुआ है. 2 मई को कई लोगों में सांस लेने की गंभीर दिक्कत शुरू होने के बाद ही इस आउटब्रेक की सूचना ऊपरी स्तर पर दी गई. पहली मौत के बाद कैप्टन ने वीडियो मैसेज में कहा था कि मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई है और जहाज पूरी तरह सुरक्षित है. इसके बावजूद तीन मौतों के बाद भी जहाज पर दिनचर्या सामान्य रही. यात्री बुफे में साथ खाना खाते रहे और एक-दूसरे के साथ मेल-जोल बनाए रखे.

इंसान से इंसान में फैलने वाला खतरनाक स्ट्रेन

हंता वायरस के आम स्ट्रेन आमतौर पर चूहों से इंसानों में फैलते हैं, लेकिन एंडिस वायरस का यह दुर्लभ रूप इंसान से इंसान में भी संचारित हो सकता है. विशेषज्ञों के मुताबिक, इसके लक्षण दिखने में छह हफ्ते तक का समय लग सकता है, इसलिए आने वाले दिनों में और मामले सामने आने की आशंका है.

संक्रमण की शुरुआत कहां से हुई?

जांचकर्ताओं का मानना है कि वायरस जहाज पर चढ़ने के बाद नहीं, बल्कि यात्रा शुरू होने से पहले ही फैल चुका था. संदेह है कि अर्जेंटीना और चिली के दौरान कुछ यात्री संक्रमित चूहों या उनके मल-मूत्र के संपर्क में आए होंगे. यह क्रूज अर्जेंटीना से शुरू होकर कैनरी द्वीपसमूह की ओर जा रहा था, लेकिन अब इसे बीच समुद्र में ही रोक दिया गया है. दोनों भारतीय क्रू मेंबर्स की वर्तमान स्थिति अभी भी सबसे बड़ा सवाल बनी हुई है, क्योंकि कंपनी ने इस पर पूरी चुप्पी साध रखी है.

Dutch cruise ship MV Hondius Hantavirus Hantavirus Indian Hantavirus in India

Recent News