हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड से चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर शुक्रवार को हरिद्वार जेल से रिहा तो हो गईं, लेकिन जेल गेट से बाहर निकलते ही देहरादून पुलिस ने उन्हें फिर से हिरासत में ले लिया. हरिद्वार के दो मुकदमों में जमानत मिलने और गुरुवार को जमानती पेश होने के बाद शुक्रवार को उनकी रिहाई का परवाना जेल पहुंचा.
जेल प्रशासन ने उन्हें रिहा कर दिया. लेकिन बाहर आते ही देहरादून पुलिस की टीम वहां मौजूद थी. पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर एसओजी हरिद्वार कार्यालय ले गई, जहां पूछताछ चल रही है. सूत्रों के मुताबिक, उर्मिला सनावर जेल से निकलकर सीधे देहरादून में गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में जाने की तैयारी कर रही थीं. इसकी भनक लगते ही पुलिस सक्रिय हो गई.
किन मामलों में जेल गई थीं?
उर्मिला सनावर को 25 अक्टूबर को हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया था. पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका की शिकायत पर अश्लील-मानहानिकारक टिप्पणियां, 5 करोड़ रुपये की रंगदारी और धमकी देने का आरोप लगा था. एक अन्य पुराने मामले में भी जमानत मिली थी. उनके खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में कुल करीब 10 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं.
देहरादून में एक मुकदमा भ्रामक और मानहानिकारक वीडियो प्रसारित करने का है. हरिद्वार पुलिस ने भी उनकी जमानत पर आपत्ति दर्ज कर अदालत का रुख किया है. ऐसे में उनकी जमानत रद्द होने और दोबारा जेल जाने की आशंका भी जताई जा रही है.
उर्मिला सनावर की भूमिका
उर्मिला सनावर दिसंबर 2025 में चर्चा में आईं जब उन्होंने पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के साथ अपनी कथित बातचीत का ऑडियो और वीडियो जारी किया. इसमें उन्होंने दावा किया कि हत्याकांड में शामिल “वीआईपी” दुष्यंत कुमार गौतम थे. उन्होंने खुद को सुरेश राठौर की दूसरी पत्नी बताया.