''ऐसा इलाज करूंगा, पुश्तें याद रखेंगी...'' डीग एसपी ने दी चेतावनी

Amanat Ansari 07 Nov 2026 03:00 PM 2 Mins
''ऐसा इलाज करूंगा, पुश्तें याद रखेंगी...'' डीग एसपी ने दी चेतावनी

डीग: राजस्थान के डीग जिले की केथवाड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद की मतगणना के दौरान री-काउंटिंग की मांग को लेकर बड़ा हंगामा हो गया. पूर्व सरपंच नोमान खान की मांग के बाद समर्थकों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. हालात संभालने पहुंचे डीग के एसपी शरण कमले ने भीड़ को सख्त लहजे में चेतावनी दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

एसपी ने क्या कहा?

वायरल वीडियो में एसपी शरण कमले भीड़ को संबोधित करते हुए सुनाई दे रहे हैं, ''आपके पास 5 मिनट का वक्त है, यहां से हट जाएं, नहीं तो पूरे डीग जिले की पुलिस आ जाएगी.'' उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि मतगणना प्रक्रिया में किसी ने व्यवधान पैदा करने की कोशिश की तो ऐसा सबक मिलेगा, जिसे उसकी पीढ़ियां याद रखेंगी. एसपी ने लोगों को मतगणना स्थल से दूर रहने और चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं करने की हिदायत दी.

विवाद की वजह?

जानकारी के मुताबिक, 5 नवंबर की रात से केथवाड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मतगणना चल रही थी. 6 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे तक भी चुनाव परिणाम स्पष्ट नहीं हो पाया था. इसी बीच पूर्व सरपंच नोमान खान की ओर से री-काउंटिंग की मांग उठाई गई.

इसके बाद अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थक बड़ी संख्या में मतगणना स्थल पर पहुंच गए और तनाव की स्थिति पैदा हो गई. हालात को नियंत्रित करने के लिए एसपी शरण कमले पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

12 घंटे बाद नतीजा

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मतगणना और री-काउंटिंग की प्रक्रिया जारी रही. करीब 12 घंटे तक चले इंतजार के बाद आखिरकार सरपंच पद का चुनाव परिणाम घोषित किया गया. इसमें सहनाज साजिद खान ने 18 वोटों से जीत दर्ज की और सरपंच चुनी गईं. वहीं, केथवाड़ा पंचायत में लगातार सरपंच रहे नोमान खान को इस बार हार का सामना करना पड़ा.

चुनाव परिणाम को लेकर हुए विवाद के बीच एसपी का खुद मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना चर्चा का विषय बन गया है. करीब 12 घंटे तक चले तनाव के बाद पुलिस की मौजूदगी में मतगणना पूरी हुई और केथवाड़ा पंचायत को अपना नया सरपंच मिल गया. डीग एसपी शरण कमले का यह सख्त अंदाज और वायरल वीडियो फिलहाल सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है. 

Recent News